चेतन के नाम पर बने स्टेडियम में करप्शन का खेल:पहली बारिश में ही गिर गई 10.69 करोड़ से बन रहे स्टेडियम की दीवार,

पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अमरोहा में 10.69 करोड़ रुपये से बन रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम की बाउंड्री पहली बारिश में ही गिर गई। मामले में परियोजना प्रबंधक समेत 4 लोगों के खिलाफ FIR हुई है।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 10.69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा स्पोर्ट्स स्टेडियम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। इसके निर्माण में बडे़ पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। पहली बारिश मे ही निर्माणाधीन स्टेडियम की करीब 80 मीटर बाउंड्री भरभराकर गिर गई।

घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से लेकर डिजाइन में गड़बड़ी तक की बातें सामने आई हैं।अमरोहा के मालीखेड़ा गांव में यह स्टेडियम बनाया जा रहा है। दो दिन पहले बारिश में इसकी बाउंड्री गिर गई थी। DM बाल कृष्ण त्रिपाठी के आदेश पर PWD के XEN ने परियोजना प्रबंधक, अभियंता और अवर अभियंता के साथ ही निर्माण कर रही कंपनी के खिलाफ थाना अमरोहा देहात में FIR दर्ज कराई है।

जांच कमेटी ने माना, सुपरविजन और डिजाइन दोनों खराब

पहली बारिश में ही ढह गया अमरोहा का स्पोर्ट्स स्टेडियम।

स्टेडियम की बाउंड्री गिरने के बाद DM बाल कृष्ण त्रिपाठी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इसमें XEN PWD, XEN RES और SDM सदर को रखा गया था। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि स्टेडियम का सुपरविजन करने वाले परियोजना प्रबंधक, अभियंता और अवर अभियंता की भूमिका सही नहीं थी। डिजाइन खराब थी बाउंड्री में वीप हॉल्स नहीं थे। पानी की निकासी का बंदोबस्त भी नहीं किया गया था।

उद्घाटन से पहले उजागर हुआ भ्रष्टाचार का खेल

स्टेडियम का नाम पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के नाम पर रखा जाना है। इसका प्रस्ताव पास हाे चुका है। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चेतन चौहान का निधन कोविड की वजह से हो गया था। स्टेडियम का जल्द उद्घाटन होने वाला था। लेकिन उससे पहले ही इसकी बाउंड्री गिर गई्।

परियोजना प्रबंधक और ठेकेदार समेत 4 पर हुई FIR

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया अमरोहा का स्पोर्ट्स स्टेडियम।

XEN PWD कृष्णवीर सिंह और XEN RES विष्णु कुमार की जांच रिपोर्ट पर थाना अमरोहा देहात पुलिस ने स्टेडियम निर्माण कर रही कंपनी मैसर्स नागर एसाेसिएट्स कसेरू बक्सर, मवाना रोड मेरठ के मनीराम, परियोजना प्रबंधक और अभियंता व अवर अभियंता के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनके खिलाफ सार्वनजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 2 और 3, IPC की धारा 418, 288, 120 B और 427 के तहत केस दर्ज किया गया है।

DM ने शासन को भेजी रिपोर्ट

जिलाधिकारी अमरोहा बाल कृष्ण त्रिपाठी का कहना है कि पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भी भेजी गई है। परियोजना प्रबंधक, अभियंता और JE के खिलाफ एक्शन के लिए एमडी को पत्र लिखा गया है।

Related Articles

Back to top button