BJP और BSP, सपा को हराने के लिए आए साथ : अखिलेश यादव

lucknow : समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व वाली राज्‍य सरकार और बसपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी और BSP, दोनों सपा को हराने के लिए एक साथ हो गए हैं। इसके पीछे कोई वजह तो होगी ही जिसकी वजह से दोनों पार्टियां हमसे लड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा की वर्ष 2022 में BJP सरकार की विदाई के साथ ही कोरोना समेत सभी बीमारियां खत्म हो जाएंगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में देश का संविधान खतरे में है। दलितों, पिछड़ों, सवर्णों, सभी को अपमानित किया जा रहा है। हम भाजपा सरकार को हटाकर एक अच्छी सरकार बनाने के लिए सपा में अच्छे लोगों को जोड़ रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोई लाख सफाई दे, लेकिन जनता जानना चाहती है कि सपा को हराने के लिए भाजपा व बसपा की चाहत एक जैसी क्यों है। उपचुनावों में सबको सबक सिखाएगी जनता।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा से नाराज जनता उपचुनावों में उसे सबक सिखाएगी। उपचुनाव में भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग कर रही है। कोटेदारों, प्रधानों को वोट दिलाने के लिए धमकाया जा रहा है।
बता दें कि 2022 में यूपी चुनाव को देखते हुए नेताओं का दल-बदल कार्यक्रम जारी है। इसी कड़ी में लंबे समय तक कांग्रेस में रहीं अन्नू टंडन अब समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं है।

Related Articles

Back to top button