सैनेटरी पैड पर ‘राहुल गांधी’ की फोटो से बवाल, 5 लाख महिलाओं को बांटे जाएंगे.. सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

बिहार में चुनावी तैयारियां जोरों पर हैं और इसी कड़ी में कांग्रेस ने महिलाओं को साधने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता में ऐलान किया कि पार्टी राज्य की 5 लाख जरूरतमंद महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटेगी। इस योजना के तहत सेनेटरी पैड के पैकेट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर और “माई-बहन मान योजना” का लोगो छपा होगा।
‘माई-बहन मान योजना’ के तहत मिलेगा 2500 रुपये
राजेश कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य और सम्मान दोनों देना है। सेनेटरी पैड के पैकेट पर लिखा गया है:
“माई-बहन मान योजना | अखिल भारतीय महिला कांग्रेस | जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि – 2500 रुपए महीना”
उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ पैड बांटने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वाभिमान को ध्यान में रखकर आगे और भी कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
महिलाओं के सम्मान के नाम पर जनसंपर्क
राजेश कुमार ने कहा कि महिला कांग्रेस की टीम गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी और उन्हें सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस योजना से न सिर्फ महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि कांग्रेस का सीधा जनसंपर्क भी मजबूत होगा।
महिलाओं का अपमान है राहुल गांधी की फोटो
हालांकि कांग्रेस के इस अभियान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि
“सैनिटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर लगाना बिहार की महिलाओं का अपमान है। यह कांग्रेस की महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। बिहार की महिलाएं इस बार कांग्रेस और आरजेडी को सबक सिखाएंगी।”
महिलाओं पर केंद्रित सियासत से गरमाई बिहार की सियासत
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का यह कदम चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सेनेटरी पैड बांटने जैसे सामाजिक मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाज़ी से साफ है कि बिहार की चुनावी ज़मीन पर महिलाएं इस बार प्रमुख मतदाता वर्ग बन चुकी हैं। अब देखना यह है कि यह अभियान कांग्रेस को कितना राजनीतिक फायदा दिला पाता है।