भोपाल में 8 मेट्रो स्टेशन का 19 नवंबर को भूमिपूजन करेंगे CM, इंदौर में 26 नवंबर को होगा

भोपाल-इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी सिलसिले में भोपाल में पहले चरण में तैयार हो रहे रूट के मेट्रो स्टेशन बनाने की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 19 नवंबर को भोपाल, जबकि इंदौर के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन 26 नवंबर को करेंगे।

भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले रूट पर 421 करोड़ रुपए से 8 मेट्रो स्टेशन बनेंगे। इसके लिए 19 नवंबर को CM शिवराज सिंह चौहान भूमिपूजन करेंगे। एम्स से सुभाष नगर तक 6.22 किमी के मेट्रो के प्रायोरिटी रूट पर स्टेशन निर्माण का काम 19 से शुरू हो जाएगा। तमिलनाडु की कंपनी यूआरसी कंस्ट्रक्शन स्टेशन बनाएगी। CM एम्स के गेट नंबर 3 के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे।

तैयारियों का दौर जारी
भूमिपूजन के लिए तैयारियों का दौर जारी है। बुधवार को मेट्रो समेत जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि 2018 में एम्स से सुभाष नगर अंडरब्रिज तक 6.22 किमी के रूट पर सिविल वर्क शुरू हुआ था। हालांकि मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किया था।

यहां बनेंगे स्टेशन
एम्स से सुभाष नगर अंडरब्रिज तक जो आठ स्टेशन बनने हैं। उनमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, हबीबगंज स्टेशन, डीबी सिटी, एमपी नगर जोन-1, आयकर भवन और सुभाष नगर अंडरब्रिज शामिल हैं। दो साल में यह स्टेशन बनाने का टारगेट रखा गया है। मेट्रो ट्रेन के स्टेशन 100 मीटर लंबे और कम से कम 14 मीटर चौड़े होंगे। हबीबगंज रेलवे स्टेशन और डीबी सिटी जैसे चहल-पहल वाले स्थानों पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) भी बनाए जाएंगे। वहीं, सुभाष नगर आरओबी के पास डिपो बनाया जा रहा है। यहां पर एक साथ 4 मेट्रो ट्रेन खड़ी की जा सकेगी।

इंदौर में 10 किमी के हिस्से में 9 स्टेशन बनेंगे
इंदौर में 26 नवंबर को मुख्यमंत्री मेट्रो कॉरिडोर निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। पहले वे 19 नवंबर को इंदौर आने वाले थे। निर्माण कंपनी को पिछले माह ही एमआर-10 ब्रिज से गांधी नगर तक 10 किमी हिस्से में मेट्रो कॉरिडोर और नौ मेट्रो स्टेशन के निर्माण का ठेका दिया गया है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button