आकांक्षा दुबे मौत मामले में भोजपुरी गायक समर सिंह गिरफ्तार

गाजियाबाद। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा सिंह कथित आत्महत्या मामले में भोजपुरी गायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का कथित ब्वॉयफ्रेंड भोजपुरी गायक समर सिंह उसके काफी नजदीक था और उस पर आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। बहरहाल, गायक समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने बीती रात गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाए जाने की तैयारी की जा रही है। अब पुलिस को इस घटना के दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश है।


भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के कथित आत्महत्या मामले में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह को आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ अदालत ने गुरुवार 6 अप्रैल को गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की का वारंट प्राप्त करने के लिए अदालत में कमिश्नरेट की पुलिस की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी गायक समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश कर रही है।

बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे पिछले महीने 26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थी। आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में आकांक्षा दुबे के परिवार वालों ने 27 मार्च को रिपोर्ट दर्ज करायी थी। भोजपुरी गायक समर सिंह पर आकांक्षा दुबे से पैसे ऐंठने का आरोप भी है। फिलहाल अदालत इस मामले पर सुनवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button