बंगाल भाजपा को अमित शाह का गुरु मंत्र : केवल जोश नहीं, होश से होगा लड़ना, ममता सरकार को हटाना ही होगा

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सॉल्टलेक स्थित इजेडसीसी में कोलकाता व नवद्वीप जोन के भाजपा पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की।
सूत्रों के अनुसार बैठक में शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को साफ कह दिया कि बंगाल में परिवर्तन अवश्यांभावी है। ममता सरकार के प्रति जनाक्रोश है, लेकिन केवल जोश नहीं, वरन होश के साथ लड़ना होगा और ममता सरकार को पराजित करना होगा। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में 100 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। उनके बलिदान को भूलना नहीं होगा। उनके बलिदान को सम्मान देना होगा और पूरे जोश से लड़ाई लड़नी होगी। लेकिन अत्याचार के सामने झुकना नहीं होगा। इसका मुकाबला करना होगा। केंद्र सरकार भी अत्याचार करने नहीं देगी।

प्रदेश भाजपा के महासचिव सायंतन बसु ने कहा कि शाह ने साफ कहा कि वर्तमान सरकार को हटाना होगा, क्योंकि यह सरकार केवल बंगाल की ही नहीं, देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। यदि यह सरकार रही, तो पश्चिम बंगाल बांग्लादेश बन जायेगा। वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने साफ कहा कि एकजुट होकर मुकाबला करना होगा। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, यह आपकी चिंता नहीं है। केंद्रीय नेतृत्व यह तय करेगा।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को बांकुड़ा की बैठक में शाह ने बंगाल भाजपा को राज्य की 294 सीटों में से 200 सीटों पर जीत का टारगेट दिया है। शाह ने भी दावा किया था कि बंगाल में दो तिहाई बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।

Related Articles

Back to top button