बेगूसराय : गंगा घाट की दुर्दशा देख पर्यावरण साथियों ने शुरू किया सफाई अभियान

बेगूसराय : छठ पर्व में अब मात्र तीन दिन शेष बचे हैं, ऐसे में घाटों की सफाई के लिए सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं रहा जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर संकल्पित पर्यावरण साथियों की टीम ने हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पर्व को लेकर गंगा घाट का सफाई अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन पर्यावरण साथियों की टीम मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर गंगा घाट पहुंची। जहां घाट किनारे बिखरे गंदगी को साफ कर लोगों को स्नान करने के लिए स्वच्छ घाट तैयार की कोशिश की। अभियान की शुरुआत पर्यावरण साथियों की टीम ने रविवार को सिहमा गंगा घाट से किया। जहां पहले दिन करीब 12 सदस्यों ने सिहमा में गंगा घाट पर गंदगी साफ कर एक जगह इकट्ठा किया, ताकि लोग निसंकोच होकर गंगा स्नान कर सकें।

अभियान के दूसरे दिन जब खोरमपुर गंगा घाट पर पर्यावरण साथियों की टीम पहुंची तो वहां घाट की स्थिति काफी बदतर थी, चारों ओर गंदगी का अंबार लगा था। सबसे पहले पर्यावरण साथियों की टीम ने गंगा घाट किनारे बिखरे इन कचरों को साफ किया। बाद में घाटों की सफाई की, इस दौरान पानी से फूल, पत्ती, प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को निकाला। पर्यावरण साथी नितेश रंजन एवं संतोष कुमार ने कहा कि स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है। जैसे हम अपने घरों को साफ रखते हैं, उसी तरह गंगा घाट को भी साफ रखना हमारा दायित्व है। अगर एक-एक आदमी अपने नहाने की जगह को साफ और स्वच्छ बना दें तो गंगा घाट सचमुच में साफ स्वच्छ और सुंदर हो जाएगा। नितेश रंजन ने बताया कि मंगलवार को भी खोरामपुर घाट के पश्चिमी छोर की सफाई की जाएगी। युवाओं से अपील है कि इस तरह का अभियान अन्य घाटों पर भी चलाया जाए। ताकि छठ पर्व से पहले घाट सूर्य को अर्घ्य देने लायक बन जाए। जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन जल्द से जल्द यहां एक निश्चित दूरी पर बांस से बैरिकेडिंग कर दें, ताकि लोग उससे आगे नहीं जा सके।

 

Related Articles

Back to top button