अमित शाह आज कासगंज में, रैली से ब्रज क्षेत्र में साधेंगे नए समीकरण

अमित शाह की इस रैली से बीजेपी ब्रज क्षेत्र में मजबूत करेगी अपनी पकड़

कासगंज.यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा मथुरा से रवाना की गई जन विश्वास यात्रा आज एटा से चलकर कासगंज पहुंचेगी। इस अवसर पर बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कासगंज  के बारह पत्थर मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह की इस रैली से बीजेपी ब्रज क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करेगी।

अमित शाह की रैली ब्रज क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए नए राजनीतिक समीकरणों को जन्म देगी। ब्रज क्षेत्र पूर्व में समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता था, लेकिन वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के चलते बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनावों में भी ब्रज क्षेत्र में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा।

अखिलेश की यात्रा का जवाब

हाल ही में एटा जनपद में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विजय यात्रा में करीब एक लाख लोगों की भीड़ उमड़ी थी, जिससे बीजेपी के लोग मायूस दिख रहे थे। यही नहीं अखिलेश ने एटा के रामलीला मैदान में रात 8 बजे तक मोबाइल फोन की रोशनी में जनसभा को संबोधित किया था। कासगंज में होने वाली गृह मंत्री अमित शाह की आज की रैली को सपा सुप्रीमो की विजय यात्रा का काउंटर माना जा रहा है।

बीजेपी का शानदार रहा प्रदर्शन

आंकड़ों पर नजर डालें तो रजनीकांत माहेश्वरी के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रहते समय बीजेपी ने यहां अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। 2019 के लोकसभा चुनावों में इनके कुशल नेतृत्व में ही ब्रज क्षेत्र में पड़ने वाली 13 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 12 सीटें जीतकर समाजवादी पार्टी के किले को ध्वस्त करने का काम किया था। ब्रज में केवल मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी, बाकी 12 सीटें जिनमें फिरोजाबाद और बदायूं जैसी सपा की मजबूत सीटें भी शामिल थीं, बीजेपी ने जीती थीं।

 

 

Related Articles

Back to top button