अखिलेश यादव बोले भाजपा को सत्ता की भूख है लेकिन जनता की भूख से उसको कुछ लेना देना नहीं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कई बयान दिए। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने ना सिर्फ अपराधियों को पनाह दी है बल्कि अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अपराधी भाजपा में ही। प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर से अपराधी तो डर ही नहीं लेकिन निर्दोष जरूर डर गए हैं।

बता दें कि अखिलेश यादव ने विकास दुबे के मामले पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा को अदालत पर भरोसा क्यों नहीं है? अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि सपा हमेशा अपराधियों के खिलाफ रही है। सपा सरकार में कभी भी अपराधियों को प्रश्रय नहीं दिया गया। लेकिन भाजपा सत्ता के मद में कानूनी प्रक्रिया से बाहर जाकर पुलिस बल का दुरुपयोग कर रही है। इससे अपराधों पर रोक नहीं लग सकती। जब तक भाजपा अपने बचाव में दूसरों को फंसाने की रणनीति पर काम करती रहेगी, तब तक सुशासन नहीं स्थापित हो सकता है।

मुख्यमंत्री की ‘ठोको नीति’ से अपराध बढ़ते जा रहे हैं। अपनी विफलता पर चर्चा करना भाजपा नेतृत्व को रास नहीं आता है। गुमराह करना, भाजपा अपनी सफलता समझती है। यही अंतर भाजपा और सपा में है। अखिलेश ने भाजपा पर नफरत फैलाने और समाज को बांटकर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि यह लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के खिलाफ है। सरकार की जिम्मेदारी है कि समाज में सभी के साथ बराबरी का व्यवहार होना चाहिए। जाति के आधार पर निर्णय करने से समाज में असंतोष बढ़ता है। सपा हमेशा सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है। भाजपा को बस सत्ता की भूख है, जनता की भूख से उसका कुछ लेना-देना नहीं।

Related Articles

Back to top button