समाजवादी इत्र पर घमासान:अखिलेश बोले- इसकी खुशबू 2022 में असर दिखाएगी,

स्वतंत्रदेव का तंज- इत्र से सपा के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का अखिलेश पर तीखा वार।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मंगलवार को समाजवादी इत्र लॉन्च करते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि इस इत्र से समाजवादी पार्टी के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली है। इससे सपा शासन की भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडाराज, अपराध की विषैली गंध मिट नहीं सकती है। इसी से त्रस्त होकर ही जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बेदखल किया था। प्रदेश की जनता अब दोबारा समाजवादी पार्टी के गुंडाराज व भ्रष्टाचार के जहरीले कॉकटेल को मौका नहीं देने वाली।

इत्र से जनता सपा की ओर आकर्षित नहीं होने वाली
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा मुखिया चाहे जितना भी इत्र लगा लें, अब जनता उनकी तरफ आकर्षित होने वाली नहीं है। प्रदेशवासी अभी तक भूलें नहीं हैं कि सपा कार्यकाल में किस प्रकार गुंडे, माफियाओं का महिमा मंडन होता था। मंत्रियों की गाड़ियों में माफिया घूमते थे, सरकार आतंकवादियों के मुकदमें वापस ले रही थी। अब जब माफिया और गुंडों पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है, आज अपराधी खुद थानों में सरेंडर कर रहे हैं तो सपा मुखिया को दर्द हो रहा है।

सरकार के बुलडोजर से अखिलेश को डर लगता है
सपा राज में सरकारी संरक्षण में हुए अवैध कब्जों पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है, तो अखिलेश यादव को दर्द हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि असलियत यह है कि जो 24 घंटे मोहम्मद, अली, जिन्ना के नाम की माला जपता हो उसे प्रदेश का विकास कभी नहीं दिख सकता। उसे तो सिर्फ विभाजन के ही स्वप्न दिखाई देते है। मुजफ्फरनगर के दंगे और कैराना से पलायन सपा सरकार की विभाजनकारी नीतियों का ही परिणाम था।

अखिलेश ने लॉन्च किया इत्र
बता दें, मंगलवार को ही समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में समाजवादी इत्र लॉन्च किया। 2022 के चुनावों को देखते हुए यह इत्र 22 फूलों से बनाया गया है। अखिलेश ने कहा कि इसकी खुशबू 2022 में अपना असर दिखाएगी। लोग इसे सूंघेंगे तो उन्हें पता चल जाएगा कि कौन आ रहा है?

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button