UP: तेज रफ्तार बना काल! दूल्हे समेत 8 की मौत, 2 वर्षीय मासूम भी नहीं बचा – देखिए दिल दहला देने वाली तस्वीरें

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के जुनावई क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक शादी की बारात में शामिल बोलेरो कार हादसे का शिकार हो गई। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में दूल्हा, उसकी बहन, चाची, चचेरी बहन समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया और हर घर में मातम पसरा रहा।
पांच शव एक साथ गांव पहुंचे, चीखों से गूंज उठा हरगोविंदपुर
शनिवार दोपहर जब पांच शव एक साथ हरगोविंदपुर गांव पहुंचे तो सन्नाटा चीखों और सिसकियों में बदल गया। मृतकों में दूल्हा सूरज, बहन कोमल, चाची आशा, चचेरी बहन एश्वर्या और ड्राइवर रवि शामिल थे। असदपुर घाट पर इनका अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
हादसे का कारण बनी तेज रफ्तार
शुक्रवार शाम सूरज की बारात बदायूं के सिरसौल गांव के लिए रवाना हुई थी। करीब 7:30 बजे जुनावई क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा।
हादसे में घायल तीन वर्षीय बालिका की हालत स्थिर, एक की हालत गंभीर
हादसे में घायल तीन वर्षीय बालिका हिमांशी की हालत में अब सुधार है, जबकि खुर्जा निवासी देव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पोस्टमार्टम हाउस पर अव्यवस्थाओं का आरोप, परिजनों में नाराजगी
परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक सचिन की मां सरिता ने बताया कि शव रखने वाले फ्रिज बंद थे। दूल्हे सूरज के परिजनों ने बैठने और पीने के पानी की सुविधा न होने की शिकायत की। परिजनों का आरोप है कि बर्फ के लिए अवैध वसूली भी की गई।
सपा नेताओं ने की हस्तक्षेप की मांग, डीएम ने दिया जवाब
पोस्टमार्टम हाउस पर सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव, जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, उमेश यादव और शोभित कुमार काका पहुंचे और पीड़ितों से मिले। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति शहरी क्षेत्र से जोड़ी जाएगी और सभी सुविधाएं दुरुस्त की जाएंगी।
शादी की रात बन गई काल, गांव में नहीं बना किसी घर में खाना
हादसे के बाद से गांव के पासी समाज के किसी भी घर में खाना नहीं बना। शुक्रवार रात से ही मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी दुखद घटना पहले कभी नहीं देखी गई।
PM और CM ने जताया शोक, आर्थिक मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (Twitter) पर घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को PM राहत कोष से ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री दुर्घटना कल्याण योजना के तहत ₹5 लाख की सहायता राशि की घोषणा की है।
मृतकों की सूची:
- सूरज पाल (दूल्हा) – 20 वर्ष
- कोमल (बहन) – 15 वर्ष
- आशा (चाची) – 26 वर्ष
- एश्वर्या (चचेरी बहन) – 3 वर्ष
- रवि (ड्राइवर) – 28 वर्ष
- सचिन (चचेरे मामा) – 22 वर्ष
- मधु (सचिन की पत्नी) – 20 वर्ष
- गणेश (ममेरा भाई) – 2 वर्ष