फिर होने वाला था बोईंग क्रैश: 36,000 से अचानक 10,500 फीट नीचे आया, डर से वसीयत लिखने लगे यात्री; देखें Viral Video

जापान एयरलाइंस की एक उड़ान में अचानक मची दहशत ने सभी को हिला कर रख दिया।
शंघाई से टोक्यो जा रही एक जापानी फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते महज 10 मिनट में 36,000 फीट से सीधे 10,500 फीट की ऊंचाई पर उतारना पड़ा। इस खतरनाक स्थिति में यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, और कुछ ने तो डर के मारे अपनी वसीयत तक लिख डाली।

फ्लाइट में मची अफरा-तफरी, ऑक्सीजन मास्क किए गए तैनात

यह घटना 30 जून की शाम को हुई जब जापान एयरलाइंस और इसकी सहयोगी कम लागत वाली एयरलाइन स्प्रिंग जापान द्वारा संचालित फ्लाइट शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट से टोक्यो नारिता एयरपोर्ट जा रही थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के केबिन प्रेशर सिस्टम में खराबी की चेतावनी मिली। इसके बाद पायलट ने तुरंत इमरजेंसी डिसेंट का निर्णय लिया और विमान को तेजी से नीचे लाया गया।

10 मिनट में 36,000 फीट से 10,500 फीट पर आया विमान

191 यात्रियों को ले जा रहे बोइंग 737-800 विमान ने जब जापान के क्यूशू द्वीप के ऊपर उड़ान भरी थी, तभी एक “मफल्ड बूम” की आवाज के बाद ऑक्सीजन मास्क गिरने लगे। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। फ्लाइट अटेंडेंट्स ने जोर-जोर से यात्रियों को मास्क पहनने के लिए कहा और केबिन में डर का माहौल बन गया।

डर से यात्रियों ने लिखा वसीयत, भेजी बीमा और एटीएम पिन की जानकारी

अचानक हुए इस हादसे से कई यात्री इस कदर डर गए कि उन्होंने सोच लिया कि वे अब नहीं बचेंगे। एक यात्री ने बताया, “मैं सो रहा था, अचानक ऑक्सीजन मास्क गिरने लगे और फ्लाइट अटेंडेंट रो रही थी। उसने कहा कि तकनीकी खराबी आ गई है और मास्क पहन लो।” इस दौरान कुछ यात्रियों ने अपने घरवालों को वसीयत, बीमा डिटेल्स और एटीएम पिन तक भेज दिए।

यात्रियों ने किया हादसे का वीडियो रिकॉर्ड, इंटरनेट पर वायरल

 

डरे हुए कुछ यात्रियों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल हो चुके वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे लोग मास्क लगाए बैठे हैं और एक फ्लाइट अटेंडेंट घबराई हुई आवाज़ में निर्देश दे रही है। यह वीडियो इंटरनेट पर काफी चर्चा का विषय बन गया है।

ओसाका में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

पायलट ने तुरंत ओसाका के कंसाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की। रात 8:50 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात ये रही कि इस पूरे हादसे में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर घायल नहीं हुआ।

यात्रियों को दिया गया मुआवजा और होटल सुविधा

घटना के बाद एयरलाइन ने यात्रियों को 15,000 येन (लगभग 93 अमेरिकी डॉलर) का परिवहन मुआवजा दिया है और एक रात होटल में ठहरने की सुविधा भी प्रदान की गई है। साथ ही, विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और इसे अगली उड़ानों से रोक दिया गया है।

2017 में बना था यह बोइंग विमान, अब जांच के घेरे में

घटना में शामिल बोइंग 737-800 विमान जून 2017 में निर्मित हुआ था और यह स्प्रिंग जापान के बेड़े में शामिल था। इसे फिलहाल उड़ानों के लिए रोक दिया गया है। विशेषज्ञों की टीम केबिन प्रेशर सिस्टम में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है।

बोइंग विमानों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है जब बोइंग विमानों की सुरक्षा को लेकर वैश्विक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले अहमदाबाद से लंदन जा रही एक बोइंग विमान की दुर्घटना में 270 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस नई घटना ने एक बार फिर बोइंग की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button