योगी सरकार देगी लड़कियों को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार, जानें क्या होंगी शर्तें

मिशन शक्ति के तीसरे चरण में यूपी समेत राज्य के बोर्ड से 10वीं व 12वीं कक्षा में जिलों में पहले 10 स्थान पर आने वाली मेधावी छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही राज्य बोर्ड से 12वीं कक्षा में जिले में टॉप करने वाली और आगे पढ़ाई करने वाली शीर्ष छात्रा को 20 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा।

मिशन शक्ति के तहत अगस्त से दिसंबर तक होने वाले कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं। रक्षाबंधन से एक दिन पहले 21 अगस्त को मिशन शक्ति-3 के मुख्य कार्यक्रम में सरकार महिलाओं-बेटियों को कई बड़े तोहफे देने की तैयारी में है। महिला व बाल कल्याण विभाग व बाल विकास पुष्टाहार विभाग मिशन शक्ति अभियान शनिवार से शुरू करने जा रहा है। जेण्डर चैम्पियंस, खेल व विशिष्ट कलाओं में बढ़िया प्रदर्शन करने वाली न्यूनतम 10 महिलाओं, 10 बालिकाओं व 10 बालकों को भी नगद पुरस्कार दिया जाएगा। नवम्बर के तीसरे हफ्ते में मेगा इवेंट का आयोजन कर पुरस्कार दिया जाएगा। सात अगस्त यानी शनिवार को जिलाधिकारी के साथ हक की बात की जाएगी। 11 अगस्त को कन्या जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें सामुदायिक केन्द्र, जिला या सरकारी अस्पताल आदि में जन्म लेने वाली कन्याओं व उनकी मांओं को उपहार दिए जाएंगे। उनकी संख्या के बराबर पौधरोपण कर पुरुषों व बालकों को उनका संरक्षण सौंपा जाएगा। कई स्तरों पर स्वावलंबन कैम्प लगाए जाएंगे।

महिला पुलिसकर्मी बनेंगी बीट पुलिस अधिकारी

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महिला पुलिसकर्मियों को पुरुष सहकर्मियों की तरह ही ‘बीट पुलिस अधिकारी’ के रूप में तैनाती का उपहार देंगे। महिला पुलिस कर्मियों के नन्हें-मुन्ने बच्चों के लिए सभी 78 पुलिस जनपदों में ‘बालबाड़ी’ का उपहार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति के मेगा इवेंट की समीक्षा करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए अलग पार्क और जिम की व्यवस्था की जाए जहां वे सुविधापूर्वक अभ्यास कर सकें।

ओलंपिक में मान बढ़ाने वाली बेटियों का 21 को लखनऊ में सम्मान होगा

 ओलंपिक में मान बढ़ाने वाली बेटियों का 21 अगस्त को लखनऊ में सम्मान होगा। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें ओलम्पिक खेलों में भारत का प्रतिधित्व करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसमें महिला हाकी टीम के अलावा पीवी सिन्धु, मीराबाई चानु और मुक्केबाज लवलीना बार्गोहैन शामिल हैं। दो विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं, सेना या वायु सेना की महिला अधिकारियों, महिला न्यूज प्रेजेंटर, स्वयं सहायता समूह की अग्रणी 5-10 महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाना है। कोविड काल में उत्कृष्ट काम करने वाली महिला चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य समारोह की तर्ज पर शेष 74 जिलों में भी विशेष आयोजन होंगे।

महिलाओं को एक मास्क और मिलेगी राखी

करीब 1300 थानों में पिंक टॉयलेट निर्माण, नवनिर्मित ग्राम सचिवालयों में ‘मिशन शक्ति हेल्पडेस्क’, महिला पुलिस कर्मियों के खाली पदों पर भर्ती की घोषणा हो सकती है। करीब एक करोड़ महिलाओं-बेटियों की सहभागिता कराने की तैयारी है। सरकार की ओर से सभी को एक-एक  मास्क और राखी  का सुरक्षा कवर भी प्रदान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button