राहुल-तेजस्वी को भारत माता की जय बोलने से परहेज तो क्या वे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएंगेः नित्यानंद राय

पटना। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने बुधवार को अररिया के नरपतगंज की जनसभा में पाकिस्तान का जिक्र किया। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें भारत माता की जय कहने से परहेज है तो क्या वो पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष भाजपा पर आरोप लगाती है कि पार्टी लोगों पर भारत माता की जय बोलने के लिए दबाव बनाती है। भारत के लोग भारत माता की जय नहीं बोलेंगे तो क्या पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएंगे। राय ने कहा कि भारत माता की जय एक ऐसा उद्घोष है जिसमें भारत का मान सम्मान, स्वाभिमान और विकास सब आ जाते हैं।

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि भारत माता की जय का नारा भारत में नहीं तो क्या पाकिस्तान में लगेगा। क्या भारत में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगेंगे तब विपक्ष खुश होगा। चौबे ने कहा कि भाजपा का मुद्दा क्या होगा ये प्रधानमंत्री नहीं तय करेंगे तो क्या विपक्ष तय करेगा।

भारत माता की जय पर अब बिहार की चुनावी सियासत गरमाने लगी है। पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर कि भारत माता की जय बोलने पर विपक्ष के लोगों को बुखार आ जाता है, के बाद वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारत माता की जय मामले में पलटवार करते हुए कहा कि बिहार के लोगों को बेवजह इन मुद्दों पर उलझाया जा रहा है। बिहार के युवाओं को अभी रोजगार की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button