जानिए कौन हैं कर्नल अजय कोठियाल, जिसे आप ने उत्‍तराखंड में मुख्‍यमंत्री का चेहरा किया घोषित

मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल को उत्‍तराखंड में मुख्‍यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। आम आदमी पार्टी ने उत्‍तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कर्नल कोठियाल को मुख्‍यमंत्री का उम्मीदवार बनाया है।

 आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड में आगामी चुनाव में आप नेता सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल को मुख्‍यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। कर्नल कोठियाल ने सेना में 26 साल तक सेवा दी। इस दौरान उन्‍हें कई मेडलों से नवाजा गया। उन्‍होंने केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों में सराहनीय योगदान दिया। आइए जानते हैं उनका जीवन परिचय।

नाम: कर्नल अजय कोठियालजन्मदिन: 26 फरवरी 1969शैक्षिक योग्यता:-ग्रेजुएट

जीवन परिचय

वर्ष 1992 को कर्नल अजय कोठियाल गढ़वाल राइफल की 4वीं बटालियन में सेकेंड लेफ्टिनेंट के पद पर भारतीय सेना में शामिल हुए थे। 26 अप्रैल 2013 से 26 अप्रैल 2018 तक नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्रधानाचार्य रहे हैं। उन्‍होंने केदारनाथ आपदा के बाद पुनर्निर्माण के कार्यों को बखूबी अंजाम दिया है। 29 अगस्त 2018 को कर्नल अजय कोठियाल ने स्वैच्छिक सेवानिवृति ली है तथा 19 अप्रैल 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ली। कर्नल अजय कोठियाल ने इंडो म्यांमार फ्रेंडशिप रोड निर्माण के कालादान प्रोजेक्ट में भी काम किया।

कश्मीर में 26 आतंकवादियों को किया ढेर

कर्नल अजय कोठियाल की पहचान हमेशा एक साहसी, जुझारू, प्रेरक एवं मार्ग दर्शक अधिकारी के रूप तौर पर रही। वर्ष 2001 से लेकर 2003 तक कश्मीर में आपरेशन पराक्रम, आपरेशन नशनूर में गोलियां लगने के बाद भी 26 आतंकवादियों को ढेर किया था।

केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों में दिया सराहनीय योगदान

कर्नल अजय कोठियाल का केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों में सराहनीय योगदान रहा है। वर्ष 2013 में आई आपदा के बाद केदारनाथ धाम को संवारने में निम की टीम कर्नल कोठियाल की अगुआई में मिशन की तरह जुटी रही। इसके साथ युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण के लिए कर्नल कोठियाल की प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन का गठन हुआ। जिसमें प्रशिक्षण लेकर अभी तक राज्य के सैकड़ों युवा सेना में भर्ती हो गए है। इसके साथ ही कर्नल कोठियाल कई बीमार, दिव्यांग लोगों का इलाज भी करा चुके हैं तथा उन्हें रोजगार उपलब्ध करा चुके हैं।

भारतीय सेना में 26 साल तक दी सेवा

कर्नल अजय कोठियाल की भारतीय सेना में 26 साल तक सेवा दी है। सेवाकाल में कर्नल अजय कोठियाल को कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र, विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा गया है। कर्नल कोठियाल में जज्बा और प्रेरक क्षमता होने के कारण सेना युद्ध प्रशिक्षण केंद्र माऊ में एक स्क्वाड पोस्ट का नाम कर्नल अजय कोठियाल के नाम पर है। वर्ष 2005 में इंग्लैंड में 71 देशों के बीच हुए कैंब्रियन पैट्रोल में भारत का नेतृत्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

कर्नल अजय कोठियाल के पिता सत्यशरण कोठियाल पहले आर्मी में थे। 1962 के युद्ध के बाद उनकी तैनाती बीएसएफ में हुई। 2001 में सत्यशरण कोठियाल आइजी पद से सेवानिवृत हुए। कर्नल कोठियाल के दो मामा भी सेना में मेजर जनरल पद से सेवानिवृत हुए हैं। कर्नल अजय कोठियाल के छोटे भाई अमित कोठियाल मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं।

इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय

यूथ फाउंडेशन, प्राइड आफ उत्तराखंड, कर्नल अजय कोठियाल, कर्नल अजय कठियाल फैन, ट्विटर पर कर्नल अजय कोठियाल आदि।

टिहरी के चौपा गांव के हैं निवासी

टिहरी जनपद के नरेन्द्र नगर ब्लाक के चौपा गांव निवासी कर्नल अजय कोठियाल अविवाहित हैं। वर्तमान में वे देहरादून में रहते हैं। कर्नल अजय कोठियाल का कहना है कि उनका पूरा जीवन देश और समाज को समर्पित है।

Related Articles

Back to top button