विदिशा के गंजबासौदा में कुआं धंसा, कई गिरे, रेस्क्यू जारी

विदिशा। जिले के गंजबासौदा में गुरुवार रात 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां कुएं में एक बच्चे के गिरने के बाद उसे निकालने के लिए पहुंचे लोगों के वजह ने कुआं धंस गया। कई लोग अंदर गिर गए। इनकी संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन रात 9.55 बजे तक 20 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। इस दौरान रात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विदिशा जिले में ही थे। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को रवाना कर दिया है। विदिशा के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी भोपाल से रवाना हो चुके हैं। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी रवाना किया गया है।

गंजबासौदा के लाल पठार पर रात को एक 14 साल का लड़का कुएं में गिर गया था। कुएं में पानी भरा था। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। भीड़ के वजन से अचानक कुआं धंस गया और वहां खड़े करीब 25 लोग कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। तुरंत जेसीबी और अन्य मशीनों के जरिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रात करीब 9:55 बजे तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, 5 लोगों का पता नहीं चला है।
खाली करा रहे कुआं
जानकारी के अनुसार कुआं करीब 30 फीट गहरा है। उसमें 15 से 20 फीट पानी है। रेस्क्यू के लिए कुआं खाली कराया जा रहा है। अंधेरा होने के चलते बचाव एवं राहत कार्य में परेशानी आ रही है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी
चूंकि, मुख्यमंत्री पहले से ही विदिशा जिले में ही मौजूद थे। उन्होंने ट्वीट कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को रवाना कर दिया। रेस्क्यू कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने विदिशा में ही अपना कंट्रोल रूम बना लिया है। सीएम ने कहा कि मौके पर आईजी, कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी समेत अन्य अधिकारियों को भेजा गया। इसके अलावा आधुनिक उपकरण भी वहां बचाव कार्य में उपयोग करने के लिए भेजे गए हैं।

Related Articles

Back to top button