उत्तराखंड: BJP विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का कोरोना से निधन, कुछ दिन पहले पत्नी की हुई थी मौत

देहरादून : उत्तराखंड के सल्ट विधानसभा क्षेत्र (जनपद अल्मोड़ा) से भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना की कोरोना की बीमारी से मौत हो गई है। 50 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह जीना का दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उपचार चल रहा था। एक पखवाड़ा पहले उनकी पत्नी नेहा जीना की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक धरोहर को खो दिया है। उन्होंने कहा कि प्रभावी व्यक्तित्व के धनी एवं विधायी कार्यवाही के जानकार सुरेन्द्र सिंह जीना के निधन की खबर सुनकर शोक स्तब्ध हूं। कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी नेहा जीना इस संसार को छोड़कर चली गई थीं, तब से लेकर वे खुद बीमार चल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सुरेन्द्र सिंह जीना सदन में क्षेत्र एवं समाज के हितों के लिए अपनी आवाज बुलंद करते थे। वे पक्ष एवं विपक्ष दोनों के ही प्रिय नेता थे। संसदीय प्रक्रिया के गहन जानकार और हमेशा लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों को सदन में उठाने वाले एक सजग प्रहरी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी बेदाग छवि, हंसमुख मुस्कान एव समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा।

उधर, विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशी धर भगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भगत ने कहा कि जीना हमारे युवा, ऊर्जावान व योग्य कार्यकर्ता व विधायक थे और हमेशा संगठन व जनहित में सक्रिय रहते थे। वे एक शालीन व्यक्ति थे और वे हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उनके निधन से पार्टी व समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। भगत ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे व्यक्तिगत रूप से और पूरी पार्टी जीना परिवार के साथ खड़ी है।

Related Articles

Back to top button