19 माह बाद अमेरिका ने खोला बॉर्डर:कनाडा-मैक्सिको जा सकेंगे लोग,

अन्य देशों पर फैसला जल्द; वैक्सीन की दोनों डोज अनिवार्य शर्त

कनाडा द्वारा वैक्सीनेटेड अमेरिकियों के लिए बॉर्डर खोलने के दौरान खड़ी कारें।

कोरोना काल के बाद अब अमेरिका ने अपने बॉडर को खोलना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 19 माह बाद कनाडा और मैक्सिको से लगती अमरीकी सीमाएं खोल दी हैं। लोग सड़क और हवाई मार्ग से इन दोनों देशों में आवागमन कर सकेंगे। यात्रा की मंजूरी के लिए टीके की दोनों डोज लगी होना अनिवार्य शर्त होगी।

बिना दोनों डोज अनुमति नहीं मिलेगी। नवंबर से ये फैसला लागू होगा। सूत्रों के अनुसार अन्य देशों से आने वाले लोगों के लिए भी यात्रा प्रतिबंधों को हटाए जाने के बारे में जल्द ही फैसला किया जाएगा। बाइडेन प्रशासन द्वारा यात्रा प्रतिबंधों को हटाए जाने के इस कदम को अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने अब तक अपने देश में आने और जाने के लिए गैरजरूरी यात्रा पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। जरूरी यात्रा साबित करने पर ही अनुमति दी जा रही है।

हवाई मार्ग: यात्रियों के लिए निगेटिव सर्टिफिकेट भी जरूरी
सड़क मार्ग से कनाडा और मैक्सिको आने और जाने वाले लोगों के लिए जहां टीके की दोनों डोज जरूरी होंगी। वहीं हवाई यात्रियों के लिए दोनों डोज के साथ कोरोना का निगेटिव सर्टिफिकेट होना भी जरूरी होगा। फाइजर- मॉर्डन की दाेनों डोज, जेएंड जे की सिंगल डोज और एस्ट्राजेनेका की दोनों डोज मान्य होंगी।

न्यूयॉर्क: अब तक 5 हजार करोड़ रुपए का नुकसान
न्यूयॉर्क के डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस्टन गिलीबैंड का कहना है कि यात्रा प्रतिबंधों के कारण उनके राज्य को अब तक लगभग 5 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रतिबंधों के हटने से लोगों का आवागमन शुरू हो सकेगा। पर्यटकों की आवाजाही से अर्थव्यवस्था को गति मिल सकेगी।

पर्यटन स्थलों को खोल रहे दुनिया के कई देश

बाली द्वीप: 17 महीने बाद खुला इंडोनेशिया का प्रमुख पर्यटन स्थल। गुरुवार से यहां चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और यूएई को पर्यटकों को आने की मंजूरी दी है।

बरमूडा: कैरिबियाई द्वीप समूह के प्रमुख पर्यटन स्थल बरमूडा को भी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। सभी विदेशियों का टीके की दोनों डोज लगवाना जरूरी है।

मिस्र: सभी देशों के लोगों को आने की अनुमति। पर्यटकों को एयरपोर्ट पर हेल्थ सर्टिफिकेट देना होगा। टीके की दोनों डोज जरूरी। आरटीपीसीआर निगेटिव टेस्ट भी अनिवार्य।

फ्रांस: हेल्थ पास अनिवार्य पर्यटकों के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। कुछ देशों से आने वाले लोगों के लिए निगेटिव प्रमाण-पत्र भी जरूरी है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button