उप्र : लगातार तीसरे दिन भी कोरोना के मामलों में आई कमी, जानिए कितना हुआ रिकवरी रेट

लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में इजाफा होने के बाद अब लगातार तीसरे दिन इसमें फिर कमी दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 22,991 हो गई है। वहीं इस समय 10,408 लोग होम आइसोलेशन में हैं। इसके अलावा 8,620 जोखिम क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) व 8,245 हॉटस्पॉट हैं।
बीते चौबीस घंटे में संक्रमण के 1,901 नये मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 2,010 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। अब तक संक्रमण से ठीक होने के बाद कुल 4,65,250 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। बीते चौबीस घंटे में 25 मरीजों की संक्रमण के बाद मौत हुई है, जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 7,180 पहुंच गया है।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, आलोक कुमार ने शनिवार को बताया कि वर्तमान में मरीजों की रिकवरी दर 93.95 प्रतिशत चल रही है। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,61,081 सैम्पल की जांच की गयी। इनमें 65,712 आरटीपीसीआर टेस्ट, 2,042 ट्रनैट और 93,327 एंटीजन टेस्ट किए गए। वहीं अब तक कुल 1,59,23,624 कोरोना नमूनों की जांच की जा चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में कोरोना टेस्ट करने वाला इकलौता राज्य है।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन, त्योहारों का समय होने के कारण सर्तकता बेहद जरूरी है। इस मौसम में संक्रमण बढ़ने की ज्यादा सम्भावना होती है। वर्तमान में राज्य की पॉजिटिविटी दर लगभग 1.3 प्रतिशत है।

Related Articles

Back to top button