केरल की महिला से दुबई में दुष्कर्म, यूपी का है आरोपी

दुबई में एक महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में केरल पुलिस ने 29 वर्षीय एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि नदीम खान को केरल पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रविवार को गिरफ्तार किया।
खान इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर जीवन सहाय गांव के रहने वाले हैं। बरेली पुलिस सर्किल ऑफिसर (सीओ) आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि खान को केरल के इरिक्कुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह दुबई में कंडक्टर के तौर पर काम करती थी और नदीम खान वहां ड्राइवर था। पुलिस ने कहा कि उसने आरोप लगाया कि दोनों समय के साथ करीब आ गए और खान ने उससे शादी करने का वादा करके उसके साथ यौन संबंध बनाए। उसने कहा कि जब भी उसने शादी की बात की, खान ने बात को टाल दिया और बाद में अचानक दुबई चला गया। इसके बाद महिला भी केरल लौट आई और आरोपी के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई।
सीओ ने कहा कि इंस्पेक्टर सत्यनाथ केवी सहित केरल पुलिस के तीन कर्मी इज्जतनगर पुलिस स्टेशन आए और स्थानीय पुलिस का सहयोग मांगा। एक संयुक्त टीम ने बाद में खान को गिरफ्तार किया और उसे केरल ले गई। आगे की कार्यवाही चल रही है।

Related Articles

Back to top button