फिल्ममेकर पर यौन उत्पीड़न का केस

एडल्ट ऐप के CEO विभु अग्रवाल पर 28 साल की महिला से छेड़छाड़ का आरोप, मुंबई में मामला दर्ज

विभु अग्रवाल उल्लू ऐप के CEO हैं। उनकी कंपनी उल्लू डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड एडल्ट कंटेंट बनाती है।- फाइल फोटो।

फिल्ममेकर विभु अग्रवाल के खिलाफ मुंबई पुलिस ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। एक महिला की शिकायत पर विभु पर IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया है। विभु के अलावा उनकी कंपनी की कंट्री हेड अंजलि रैना को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ अंबोली थाने में 4 अगस्त को आपराधिक केस दर्ज किया गया था। 28 साल की पीड़ित महिला का आरोप है कि विभु की कंपनी ULLU डिजिटल के ऑफिस में बने स्टोर रूम में उससे छेड़छाड़ की गई थी।

विभु की फिल्म निर्माण कंपनी ULLU डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड एडल्ट कंटेंट बनाती है। हालांकि, कुछ दिन पहले एक इंटरव्यू के दौरान विभु अग्रवाल ने ULLU प्लेटफॉर्म के कंटेंट को फैमिली कंटेंट में बदलने की बात कही थी। 2013 में विभु अग्रवाल ने ‘बात बन गई’ फिल्म बनाई थी। उन्होंने ULLU ऐप 2018 में लॉन्च किया था। इस ऐप पर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा भोजपुरी, बंगाली, पंजाबी, मराठी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और गुजराती में एडल्ट कंटेंट प्रोवाइड करवाया जाता है।

ULLU की सफाई- केस करने वाले खुद आरोपी हैं
इस पूरे विवाद पर कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ULLU ने 10 जून को लखनऊ पुलिस की साइबर सेल में अज्ञात लोगों के खिलाफ चीटिंग और लाखों रुपए की फिरौती मांगने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में आईपी एड्रेस की जांच से पता चला कि इस धमकी के पीछे ULLU के पूर्व लीगल हेड, एक महिला और उनके साथी की भूमिका थी। इस मामले के आरोपियों ने ही अब काउंटर अटैक करते हुए महिलाओं के लिए बने कानून का दुरुपयोग करते हुए विभु अग्रवाल और अंजलि रैना के खिलाफ केस कर दिया है।

बॉलीवुड में इन दिनों पोर्न कंटेंट की काफी चर्चा
पोर्न फिल्में बनाने के मामले में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद एडल्ट कंटेंट को लेकर बॉलीवुड काफी चर्चाओं में है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 19 जुलाई को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया था। वे फिलहाल मुंबई की भायखला जेल में हैं। पुलिस कुंद्रा के अवैध मनी ट्रेल की भी जांच कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की मांग पर मुंबई पुलिस इस केस की डिटेल भी शेयर कर चुकी है। कुंद्रा पर आरोप हैं कि वे पोर्न फिल्में बनाकर उन्हें ऑनलाइन बेचते थे।

एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा से भी पूछताछ
सॉफ्टपोर्न केस में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के प्रॉपर्टी सेल के ऑफिस में एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा से भी पूछताछ की जा रही है। शर्लिन का राज कुंद्रा की फर्म आर्म्सप्राइम मीडिया के साथ कॉन्ट्रैक्ट था। ये कॉन्ट्रैक्ट भारत के बाहर की कपंनियों के कुछ ऐप के लिए अश्लील कंटेंट उपलब्ध कराने का था।

Related Articles

Back to top button