हिसार : दर्दनाक, बाथरूम में नहाने गये दो सगे भाइयों की दम घुटने से मौत

शादी में जाने के लिए कटिंग करवाकर आए थे दोनों भाई, आते ही नहाने गये

हिसार, 05 फरवरी

गैस गीजर की वजह से हुआ हादसा, देर सायं किया गया दोनों का अंतिम संस्कार

हिसार शहर के तिलक बाजार स्थित श्याम वाली गली में रविवार को गैस लीक होने की वजह से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। बच्चे गुरुग्राम में रिश्तेदारी में लगने वाले चाचा की शादी में जाने के लिए कटिंग करवाकर आए थे और दोनों एक साथ बाथरूम में नहाने चले गए।

बाथरूम में गैस लीक होने के कारण दोनों बच्चे बेसुध हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान तिलक बाजार स्थित श्याम गली में रहने वाले 13 वर्षीय सोहम व आठ वर्षीय माधव के रूप में हुई है। शाम को दोनों का दाह संस्कार कर दिया गया। दोनों बच्चों के आकस्मिक निधन के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सौरभ के मामा के लड़के की गुरुग्राम में शादी थी। सौरभ की मां अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही चली गई थी। आज सौरभ ने अपने परिवार को लेकर जाना था। शादी में जाने के लिए परिवार तैयारियों में लगा हुआ था। इसी बीच दोनों भाई नजदीक ही नाई की दुकान से बाल कटवाकर आए थे।

इसके बाद दोनों घर के प्रथम तल पर बने बाथरूम में नहाने चले गए। बाथरूम में उन्होंने गैस गीजर ऑन कर लिया। गैस लीक होने की वजह से दोनों अंदर बेहोश हो गए। बाथरूम की खिड़कियां बंद थी। घर में उस समय उनकी मां ही मौजूद थी। सौरभ घर के नजदीक ही बनी दूसरी शाप पर गए हुए थे। जब काफी देर तक दोनों बच्चे बाथरूम से बाहर नहीं आए तो मां ने दोनों को आवाजें लगाई परंतु बच्चों ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद मां प्रथम तल पर बने बाथरूम में पहुंची। दोनों गैस लीक के कारण बेसुध होकर पड़े थे। तभी पत्नी ने आनन-फानन में अपने पति को फोन किया जिसके बाद उन्हें शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए परंतु चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Back to top button