मंगलवार दिल्लीवासियों के लिए रहा इस सीजन का सबसे गर्म दिन, पालम में अधिकतम तापमान 47.6 हुआ दर्ज

दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में कोरोनावायरस के अलावा भीषण गर्मी और लू कहर बरपा रहा है। दिल्ली में मंगलवार के दिन रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ऐसे दिल्ली में मंगलवार को 17 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। 22 साल में ऐसा दूसरी बार है जब पारा 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। बता दे कि गर्मियों में लगभग सामान्य तापमान 40 डिग्री रहता है लेकिन यह सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा था।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में पालम सबसे ज्यादा गर्म रहा। पालम में 47.6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार पालम में अब तक का सर्वाधिक तापमान मई 1998 में 48.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पूरी दिल्ली कल लू की चपेट में रही है। दिल्ली में मंगलवार का दिन इस सीजन का सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा है। वहीं वर्ष 2002 के बाद पहली बार तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं पूरे देश में राजस्थान का चूरू सबसे ज्यादा गर्म रहा। चूरू हमेशा से ही गर्मियों में कहर बरपाता है। लेकिन चूरू में भी पिछले 10 साल में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हो। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 मई के बाद हवा का रुख पुरवा होने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग ने 28 मई के बाद तापमान में गिरावट की बात सामने रखी है। वहीं कहा है कि इस दिन हल्की बारिश भी हो सकती है।  ऐसे में दिल्ली वालों को अभी 28 मई तक तेज गर्मी सहनी पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button