यूपी की सियासत में नए मोर्चे की हलचल , Top 10 news

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के गैर मान्यता प्राप्त मदरसों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जांचने के लिए उनका सर्वेक्षण कराने का बुधवार

यूपी की सियासत में नए मोर्चे की हलचल

 

प्रदेश की सियासत में नए मोर्चे की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। इसका नेतृत्व करेंगे प्रसपा संस्थापक शिवपाल सिंह यादव और पूर्व सांसद डीपी यादव। दोनों नेता पहले यादव बिरादरी को लामबंद करेंगे। इनकी निगाह सपा और भाजपा से अलग-थलग पडे़ नेताओं पर है। नाम होगा सामाजिक एकजुटता का और काम होगा सियासी ताकत बढ़ाना। अगले चरण में अन्य छोटे दलों को जोड़ा जाएगा। बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा यह मिशन सपा और भाजपा को तगड़ा झटका दे सकता है। इसमें प्रदेश के करीब 250 यादव नेताओं को बुलावा भेजा गया है।

कार्तिक कुमार ने CM नीतीश को सौंपा त्यागपत्र, आज ही कानून से हटाकर दिया था गन्ना उद्योग विभाग

 

शपथ ग्रहण के दूसरे दिन ही अपहरण केस को लेकर वारंट विवाद में घिरे बिहार के कैबिनेट मंत्री कार्तिक कुमार ने आज देर शाम इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सौंपा, जिसे सीएम ने स्वीकार करते हुए राज्यपाल फागू चौहान को अपनी अनुशंसा भेज दी है। नीतश ने गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता को दिया है।

बिहार के कानून मंत्री कार्तिक कुमार का आज ही महकमा बदल दिया गया था। उन्हें अब गन्ना उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। शमीम अहमद अब बिहार के नए कानून मंत्री बनाए गए हैं। बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद से ही कानून मंत्री को लेकर सवाल उठ रहे थे। विपक्ष नीतीश पर खासा हमलावर था।

 

2024 चुनाव पर शरद पवार का बड़ा बयान

 

लोकसभा चुनाव 2024 में अभी दो साल का वक्त है, लेकिन राजनीतिक दल इसकी तैयारियों में अभी से जुट गए हैं। इस बीच, एनसीपी (NCP) चीफ शरद पवार ने बुधवार को दिल्ली में एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत एक साथ चुनाव लड़ने पर विचार कर सकते हैं और विपक्ष को एक साथ आना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार व उनकी नीतियों पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार नें 2014 में किए वायदों को पूरा नहीं किया है, वहीं मौजूदा सरकार के सामने सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक में विधायकों को तोड़ने के लिए पैसे और सीबीआई व ईडी का दुरुपयोग किया है। यही झारखंड में कोशिश की जा रही है। बीजेपी की ये एक नीति हो गई है कि देश भर में इसी तरह का काम कर रही है।”

उत्तर प्रदेश के सभी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वेक्षण कराएगी राज्य सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के गैर मान्यता प्राप्त मदरसों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जांचने के लिए उनका सर्वेक्षण कराने का बुधवार को फैसला किया। राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार ने मदरसों में छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के सिलसिले में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अपेक्षा के मुताबिक, प्रदेश के सभी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वेक्षण कराने का फैसला किया है। इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा।

झारखंड में आज शाम 4 बजे होगी मंत्रिपरिषद की बैठक, रायपुर से पहुंच रहे 4 मंत्री

बीते कई दिनों से झारखंड में सियासी खींचतान चल रही है। इस बीच आज झारखंड की राजधानी रांची में एक अहम बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मंत्रिपरिषद की आज बैठक होगी। यह बैठक गुरुवार दोपहर 4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में शुरू होनी है। इस बैठक के संबंध में बुधवार को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा जानकारी दी गई। ऐसे में अब हर किसी की नजर इस बैठक पर है।

खबरों के मुताबिक झारखंड के 4 मंत्री बुधवार को मेफेयर रिजॉर्ट से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। ये सभी यहां से रांची जाएंगे, जहां ये सभी सीएम हेमंत सोरेन के साथ होने वाली कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे। पहले चर्चा थी कि हेमंत सोरेन खुद रायपुर आ सकते हैं, लेकिन इस प्लान पर बात नहीं बनी है। वहीं आज होने वाली बैठक की सूचना मिलते ही बीजेपी नेताओं ने दोपहर 12 बजे बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

बाढ़ से बर्बाद हुआ पाकिस्तान, भारत से मदद की आस

 में मानसून कहर बनकर टूट पड़ा है। कंगाल पाकिस्तान में आई बाढ़ ने इस देश की कमर तोड़ दी है। पहले से ही महंगाई से परेशान पाकिस्तान में बाढ़ से खाने का संकट पैदा हो गया है। तबाही का आलम यह है कि पड़ोसी देश में मानसूनी बारिश और बाढ़ से करीब 3.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे में पाकिस्तान को अब भारत से मदद की आस है। पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारत से मदद को लेकर उम्मीदें बांधी थीं। ​बाद में शहबाज शरीफ ने उनकी राय से कुछ अलग ही सुर अलापे थे। भारत से मदद मिल जाए, इस आस में पाकिस्तान को तब और उम्मीद बंधी, ज​ब बाढ़ से बर्बादी पर भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई। इसके बाद पाकिस्तान को भारत से मदद की उम्मीद है। वह भारत से सब्जियां और अनाज बुलवा सकता है।

Related Articles

Back to top button