टोक्यो पैरालिंपिक में भारत को तीसरा मेडल

भाविनाबेन के बाद हाई जंपर निषाद कुमार ने 2.06 मीटर की जंप के साथ सिल्वर जीता, डिस्कस थ्रो में विनोद को ब्रॉन्ज

टोक्यो पैरालिंपिक में रविवार का दिन भारत के लिए बेहतरीन साबित हुआ। भाविनाबेन पटेल ने विमेंस टेबल टेनिस की क्लास-4 कैटेगरी में सिल्वर जीता। इसके बाद मेंस T47 हाई जंप में निषाद कुमार ने 2.06 मीटर की जंप के साथ एक और सिल्वर भारत के नाम कर दिया। वहीं डिस्कस थ्रो में विनोद कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

अमेरिका को रॉड्रिक टाउनसेंड ने 2.15 मीटर की जंप के साथ गोल्ड मेडल जीता। डलास ने वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया। वहीं निषाद कुमार ने एशियन रिकॉर्ड बनाया। इस इवेंट में भारत के एक अन्य एथलीट राम पाल पांचवें स्थान पर रहे। पैरालिंपिक स्पोर्ट्स की T47 कैटेगरी में ऐसे एथलीट हिस्सा लेते हैं जिनका कोई एक हाथ कोहनी से नीचे कटा हुआ होता है।

विनोद कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया
भारत के एक अन्य विनोद कुमार ने अपने देश को गौरवान्वित किया है। मेंस F52 डिस्कस थ्रो कैटेगरी में विनोद 19.91 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, उन्होंने भी अपने थ्रो से एशियन रिकॉर्ड कायम किया है।

प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर निषाद कुमार को सिल्वर जीतने की बधाई दी। उन्होंने लिखा- टोक्यो से एक और खुशखबरी आई है। निषाद की जीत से काफी खुश हूं। वे शानदार एथलीट हैं और उनके पास बेहतरीन हुनर है। निषाद को बधाई। मोदी ने इससे पहले देश को टोक्यो पैरालिंपिक का पहला मेडल जीतने वाली टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल को भी फोन कर बधाई दी थी।

निशाद ने बेंगलुरु में ट्रेनिंग की है
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रहने वाले निषाद कुमार बेंगलुरु के कोचिंग कैंप में महीनों तक कड़ी मेहनत की है। मुकाबले से पहले उनके गांव में उनके लिए लगातार दुआएं मांगी जा रही थी। इस मेडल के साथ ही गांव में खुशियों का माहौल है।

भाविनाबेन ने दिलाया था पहला मेडल
भाविनाबेन पटेल ने टेबल टेनिस के विमेंस सिंगल्स में क्लास-4 कैटेगरी में भारत को पहला मेडल दिलाया। फाइनल में भाविना का मुकाबला वर्ल्ड नंबर-1 चीनी खिलाड़ी झोउ यिंग से था। यिंग ने भाविना को 11-7, 11-5 और 11-6 से हरा कर गोल्ड जीता। भाविना को सिल्वर मिला। वह टेबल टेनिस में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी हैं।

Related Articles

Back to top button