मजदूर की पत्नी बनीं ब्लॉक प्रमुख, मुख्यमंत्री योगी ने किया ट्वीट

बहराइच,  जिले की बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुई गीता देवी आज फर्श से अर्स पर पहुंच चुकी है। गीता देवी के पति पवन, जो मनरेगा में मजदूरी करते है वो पत्नी की सफलता को देखकर फूले नहीं समा रहे हैं। मजदूर की पत्नी अब ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी संभालेंगी। गीता देवी ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता बताया है। गांव से निकली महिला की कामयाबी को देख प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर एक संदेश के जरिए बधाई दिया है।

जिले के बेलवा पदुम गांव निवासी गीता देवी के पति पवन कुमार मनरेगा जॉब कार्डधारक हैं। अनुसूचित जाति के पवन कुमार मजदूरी व थोड़ी सी खेती पर गुजर-बसर करते हैं। इनके घर का कुछ हिस्सा पक्का बना है तो कुछ हिस्सा फूस और टीन शेड का है। ऐसे में उनके लिए ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी का सपना देखना भी मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी था। लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था।

त्रिस्तरीय आरक्षण व्यवस्था के चलते बेलवा पदुम कमाल सतरही सीट अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित हो गई। इंटर तक शिक्षित गीता देवी ने चुनाव लड़ने का फैसला किया। स्वजातीय समाज में उनकी शिक्षा और विनम्रता अन्य वर्गों को भी रास आई और वह निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुन ली गईं। संयोग से ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई।

ऐसे में भाजपा ने अनूसूचित वर्ग की शिक्षित एवं पार्टी के प्रति निष्ठावान महिला कार्यकर्ता की तलाश शुरू की तो जिला पंचायत सदस्य सम्मय प्रसाद मिश्र ने 40 वर्षीय गीता देवी का नाम आगे बढ़ाया। भाजपा जिलाध्यक्ष सहित प्रदेश नेतृत्व को भी उनका नाम पसंद आ गया। पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब प्रमुख निर्वाचित गीता देवी भाजपा के सिद्धांत सबका साथ सबका विकास के नारे को साकार करने के लिए खुद को संकल्पवद्ध बताती हैं। सहयोग के लिए भाजपा नेताओं का आभार जताने के साथ ही गांव में नाली-खड़ंजा और स्कूल ठीक से चलने को प्राथमिकता देने की बात कहती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कर्मठ महिला को बधाई देकर हौसला अफजाई किया है।

Related Articles

Back to top button