राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में पारा लुढ़का, ठंड से लोगों का हाल बेहाल

जम्मू-कश्मीर सहित अन्य जगहों पर हिमपात, बारिश के चलते पूरे राजस्थान में ठंडी हवाओं के साथ पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी है। जयपुर

 

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरा उत्तर भारत कंपकपाती ठंड की चपेट में है। गुरुवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के नीचे रिकॉर्ड किया गया, जबकि बुधवार को 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को लोधी रोड में पारा 2.8 तक रिकॉर्ड किया गया वहीं, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रिकॉर्ड किया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले अगले तीन दिनों तक सर्दी का सितम बरकरार रहेगा। दिल्ली एनसीआर में ठंड और घना कोहरा छाया रहेगा। रविवार से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
श्रीनगर, काजीगुंड और कुपवाड़ा में गुरुवार को मौसम की सबसे ठंडी रात के साथ कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में पिछली रात के शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यहा तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दो जनवरी को दर्ज की गई थी तब यहा पारा शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया था। उन्होंने कहा कि अनंतनाग मंे आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यहा शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। बारामूला जिले में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
जम्मू-कश्मीर सहित अन्य जगहों पर हिमपात, बारिश के चलते पूरे राजस्थान में ठंडी हवाओं के साथ पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी है। जयपुर जिले के साथ ही अन्य जगहों पर पारा कई साल के रिकॉर्ड तोड़ चुका है। मौसम में बदलाव का यह दौर आने वाले 72 घंटों तक जारी रह सकता है। राजस्थान में गुरुवार को पांच शहरों सीकर, चूरू, फतेहपुर, माउंट आबू, जोबनेर (जयपुर) में न्यूनतम तापमान माइनस में आ गया। इन शहरों में लगातार तीसरे दिन भी बर्फ जमने की स्थिति रही।
कोटा में तो सर्दी ने नया रिकॉर्ड बन दिया। यहां जनवरी में सबसे सर्द रात रही। जयपुर में भी इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। राजस्थान में सबसे ठंडा माउंट आबू रहा, यहां पारा -6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इसी तरह रात का तापमान सीकर में -1.5, चूरू में -1.5, फतेहपुर में -1.8 और जोबनेर में -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सर्दी का ये सितम कल तक और बना रहेगा और 7 जनवरी से लोगों को इससे थोड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई शहरों में लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे और सर्द हवाओं के कारण इन शहरों में दिन में भी गलन भरी सर्दी से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
बुधवार को राजस्थान के 20 शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। इसके कारण इन शहरों में दिन भर कोल्ड-वेव की स्थिति बनी रही। कोटा में सर्दी का नया रिकॉर्ड बन गया। कोटा में कल न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले 2 साल में कोटा की जनवरी माह में सबसे सर्द भरी रात रही। कोटा में इससे पहले 11 जनवरी 2020 को 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। प्रदेश के एक मात्र हिल स्टेशन में गत वर्ष जनवरी में ठंड के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए थे। तब जनवरी में यहां का पारा 15 दिन माइनस में और तीन बार शून्य पर रहा था। 2022 में 14 जनवरी को माउंट आबू का अधिकतम तापमान -5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।
राज्य में रात के तापमान के अलावा दिन के तापमान भी अभी सामान्य से नीचे दर्ज हो रहे हैं। कोटा, चूरू में कल दिन का अधिकतम तापमान यहां के सामान्य तापमान से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज हुए। वहीं गंगानगर, सीकर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, उदयपुर, श्रीगंगानगर और बांसवाड़ा में भी कल दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहे। हनुमानगढ़ में कल दिन का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम केंद्र जयपुर ने आज भी 5 शहरों में दिन में तेज सर्दी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर शामिल हैं। जबकि नागौर, बीकानेर, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, जयपुर, धौलपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो से तीन दिन तक शीतलहर से अति शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। प्रदेश के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं कहीं घना कोहरा छाए रहने, पाला पड़ऩे की भी आशंका है। सुबह से उत्तरी पूर्वी नम हवाओं ने शरीर को भेद कर रख दिया। हवा में गलन बढ़ने से लोग बंद कमरों में ठिठुरते रहे। सर्द हवाओं के कारण हालत खराब हो गई। दोपहर में खिली धूप के बाद भी तीखी हुई सर्द हवाएं नश्तर सी चुभती रही। दिन ढ़लते ही सर्दी बढ़ गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर व कोहरे का येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, झुंझुनूं व सीकर में, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर में शीतलहर के साथ घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि नागौर, जोधपुर, बीकानेर, टोंक, सवाई माधोपुर, राजसमंद, जयपुर, दौसा, चित्तोडगढ़़, बूंदी, भीलवाड़ा व अजमेर में आगामी दो से दिन तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button