UP की राजनीति में तालिबान की एंट्री

CM योगी बोले- तालिबानी समर्थक आज महिला कल्याण की बात कर रहे; यूपी में माफियाओं की जमीन पर गरीबों के लिए घर बनाने का ऐलान

यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में महिला अपराध को लेकर भी विपक्ष के नेताओं ने जमकर हंगामा किया। सरकार पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर पलटवार किया। योगी ने सदन में तालिबान का जिक्र किया। बोले- ये लोग महिला कल्याण की बात करते हैं और तालिबान का समर्थन करते हैं। इनके बीच एक बड़े माफिया को अपने पक्ष में करने के लिए ये होड़ लगी थी। अब समय बदल गया है। अब उनका समर्थन करने वाला भी उन्हीं के साथ जाएगा। योगी ने कहा, माफियाओं ने जो जमीन कब्जा करके अपना महल बनाया था उसे तोड़ने का काम सरकार कर रही है और वहीं पर अब गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे।

बजट का दायरा बढ़ा, GDP बढ़ गई
विपक्ष के सवालों पर योगी ने कहा, पिछले साढ़े चार साल के दौरान प्रदेश में बजट का दायरा लगभग दोगुना बढ़ा है। आज हम लगभग 6 लाख करोड़ रुपए बजट के दायरे तक पहुंचने में सफल रहे हैं। बड़ी सोच, बड़े कार्य तो बजट का दायरा भी बड़ा होगा। प्रदेश की GSDP (ग्रास स्टेट डोमेस्टिक प्रोडक्ट) पांच साल पहले 10-11 लाख करोड़ रुपए के आसपास थी। आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपए तक ले आए। 2015-16 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में 6वें नंबर पर थी, आज नंबर 2 की अर्थव्यवस्था बनी है।

सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य सदस्य।

विपक्ष ने क्या मुद्दा उठाया था?
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा ने आरोप लगाया था कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़ गए हैं। महिलाएं अत्याचार का शिकार हो रहीं हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। हिंसा का शिकार होने वाली महिलाओं के साथ सरकार को मजबूती के साथ खड़ा होना चाहिए। उनकी मदद करनी चाहिए। महिला कल्याण के लिए सरकार को बजट में विशेष प्रावधान करना चाहिए। सुहेलदेव समाज राजभर ने भी महिला हिंसा को लेकर सरकार से सवाल किया। पंचायत चुनाव में महिला प्रत्याशी के साथ हुई अभद्रता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ये लोग महिला हिंसा के मामले में नंबर वन पर आ गए हैं। नेता विपक्ष राम गोविंद चौधरी ने भी कहा था कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध बढ़ गया है।

सीएम योगी ने और क्या कहा ?

जो अयोध्या में झांकते नहीं थे आज चिल्ला रहे हैं कि राम हमारे हैं। ब्रज क्षेत्र में जो लोग कंस की प्रतिमा लगाने का दावा कर रहे थे, जिनके लिए राम कृष्ण सांप्रदायिक होते थे, अब दंडवत होकर कह रहे हैं हम भी भक्त हैं।जो पूर्व में सत्ता में थे कुंभ में कुछ अच्छा कर सकते थे, लेकिन कुंभ के लिए कुछ करते तो टोपी लगाकर मुबारकबाद कैसे देते? अब टोपियां गायब हो गई हैं।उत्तर प्रदेश में 1.40 करोड़ लोगों के घरों तक नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराई गई। नि:शुल्क गैस सिलेंडर दिए गए। इसमें कहीं भी जाति, धर्म, पक्ष या विपक्ष नहीं देखा। यूपी में जितने लोग हैं सब हमारे हैं।महामारी में एक भी गरीब भूखा नहीं मरा। हर घर को नि:शुल्क अनाज दिया।आज इज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी नंबर 2 पर है। उत्तर प्रदेश भगवान राम की जन्म स्थली है। भगवान कृष्ण की जन्म स्थली है। हमने भगवान राम की महिमा को और बढ़ाने की कोशिश की। आज सब भगवान राम की बात कर रहे हैं। यह हमारी विचारधारा की जीत है।2017 में जब हम सत्ता में आए थे तब यूपी टूरिज्म में नंबर 4 पर था। इसे हम नंबर एक पर लेकर आए हैं। निवेश के लिए भयमुक्त माहौल दिया है। यूपी निवेश में भी नंबर एक पर है।दंगा, भ्रष्टाचार, अपराध के मामले में यूपी पहले नंबर पर था। अपराध, भ्रष्टाचार, दंगा अब खत्म हो गया है।

कोरोना पर योगी का जवाब
योगी ने कहा, ‘दुनिया की कुल आबादी 8 अरब के आसपास है। इसमें 44 लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं। दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में अमेरिका शामिल है। लोग वहां के मॉडल को अपनाने की बात करते हैं। वहां की आबादी 33 करोड़ है। तीन करोड़ लोग संक्रमित हुए और 6 लाख लोग मारे गए।’ योगी ने कहा, महामारी में कोई देश अछूता नहीं है। उत्तर प्रदेश की आबादी है 24 करोड़ है। महामारी में कुल कुल केस 17 लाख सामने आए जबकि 22 हजार 83 लोगों की मौतें हुई हैं। आज यूपी में टेस्टिंग देश में सबसे ज्यादा हो रही है। यूपी में 4 लाख टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं।

नेता विपक्ष राम गोविंद ने क्या-क्या बोला ?

सदन के अंदर बोलते हुए नेता विपक्ष राम गोविंद चौधरी।

बेरोजगारी: सरकार रोजगार विरोधी है। प्रवक्ताओं की भर्ती प्रक्रिया 2016 में शुरू हुई। वह अभी तक पूरी नहीं हो सकी। यह सरकार कह रही है कि उसने बेरोजगारी दूर कर दी। सरकार विज्ञापन के जरिए बताने में जुटी है। हकीकत ये है कि बैंक से लोन लेने में युवाओं का पसीना छूट जाता है। बेरोजगार त्राहि-त्राहि कर रहा है। युवा अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार उन पर लाठी चलवा रही है। चौधरी ने शायरी के जरिए सरकार पर तंज कसा और अखिलेश यादव की तारीफ की। बोले, ‘तुम रोक न सकोगे तूफान, अभी तक एक अखिलेश थे अब हर युवा अखिलेश बन लड़ेगा’।विकास : सरकार सपने में भी विकास, जगने में भी विकास, काम करने में भी विकास करने की बात कहती है लेकिन विकास भाई ढूंढने पर भी नहीं मिलते हैं। राजधानी लखनऊ में इन लोगों ने क्या किया? जो अखिलेश यादव के कार्यकाल में बना। केवल उसका नाम बदलने का काम किया। चौधरी ने बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। बोले- सरकार की खराब नीतियों के चलते आज बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। जिनके पास पहले नौकरी थी, वो भी आज बेरोजगार हो गए हैं, लेकिन सरकार झूठे प्रचार में जुटी है।गौ योजना : सरकार का दावा है कि वह गौशाला बना रहे हैं। गौ-वंश का संरक्षण कर रह रहे हैं। लेकिन ये केवल कागजो में है। प्रदेश के किसी हिस्से में घूम लीजिए तो छुट्टा गोवंशों का झुंड दिखाई देगा। तमाम गोवंश मर गए। गोवंश को लेकर सरकार झूठ बोल रही है। गोशाला के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। रजिस्टर में जितने गोवंश दर्ज हैं उतने हकीकत नहीं हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। ये सरकार जबसे आई है। जनता आफत में है।कोरोना : पूरा प्रदेश श्मशान बन गया था। कोविड काल में दवा नहीं मिल पा रही थी। दवाओं की कालाबाजारी हो रही थी। मुख्यमंत्री समेत पूरी सरकार बंगाल चुनाव में व्यस्त थे। जब तक प्रचार करके लौटे तब प्रदेश की आधी जनसंख्या समाप्त हो गयी थी। इस संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने अध्यक्ष से इसे (आधी जनसंख्या समाप्त होने की बात) कार्यवाही से निकालने का आग्रह किया। इसपर इसे कार्यवाही से निकाल दिया गया।

UPDATES…

सम्मान समारोह के आमंत्रण पत्र को लेकर उठाया सवाल : ओलिंपिक से लौटे खिलाड़ियों के सम्मान समारोह के निमंत्रण कार्ड को लेकर समाजवादी पार्टी विधायक नरेंद्र वर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, सरकारी निमंत्रण पत्र पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का नाम प्रकाशित किया गया है। ये गलत है। वर्मा ने सदन में कहा कि यदि स्वतंत्र देव सिंह का नाम विधान परिषद सदस्य के तौर पर सरकारी निमंत्रण पत्र में लिखा गया है, तो फिर बाकी सदस्यो का नाम भी होना चाहिए था।विपक्ष ने किया प्रदर्शन : विपक्ष सरकार को लगातार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे पर घेरने में जुटी हुई है। सपा के विधायक नफीस अहमद, नरेंद्र वर्मा, संग्राम सिंह यादव, एमएलसी राजपाल कश्यप, राजेश यादव, डॉ. दिलीप यादव विधानसभा के बाहर महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ओम प्रकाश राजभर ने सरकार पर निशाना साधा : बजट पर चर्चा से पहले सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज पेश अनुपूरक बजट सिर्फ चुनाव में वोट लेने का इंतजाम जैसा है। जनता महगांई से दुःखी है और सरकार जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। प्रदेश का नौजवान नौकरी, रोजगार के लिए परेशान है, भाजपा सरकार सिर्फ वोट जुटाने में परेशान है।’

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button