काबुल में तालिबान की फायरिंग में 17 लोगों की मौत

41 जख्मी; पंजशीर पर जीत के जश्न में की थी हवाई फायरिंग

,

काबुल की सड़कों पर तालिबानी हथियार लेकर पहरा दे रहे हैं। उन्होंने पंजशीर पर जीत का दावा करते हुए हवाई फायरिंग की थी।

अफगानिस्तान की पंजशीर घाटी में तालिबान और रेजिस्टेंस फोर्स के बीच भीषण जंग जारी है। इस बीच दोनों ने पंजशीर को जीतने का दावा किया है। तालिबान का कहना है कि अब पंजशीर पर भी उसका नियंत्रण हो गया है। पंजशीर पर जीत की खुशी में तालिबान ने शुक्रवार को काबुल में हवाई फायरिंग की थी। इसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 41 घायल हो गए। यह जानकारी टोलो न्यूज ने दी है। तालिबानियों की फायरिंग के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

भारत ने कहा- तालिबान को पालने वाले पाकिस्तान पर नजर रखनी होगी
अफगानिस्तान के मुद्दे पर भारत के विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने वॉशिंगटन में मीडिया से बातचीत में कहा है कि अफगानिस्तान के हालात पर अमेरिका और भारत नजर बनाए हुए हैं। साथ ही कहा कि अफगानिस्तान के पड़ोसी पाकिस्तान ने तालिबान का समर्थन किया और वह तालिबान को पालता रहा है। ऐसी कई बातें हैं जिनमें पाकिस्तान ने तालिबान की मदद की है, इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान की भूमिका पर नजर रखनी होगी। श्रृंगला ने ये भी कहा कि जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों की अफगानिस्तान में बेरोकटोक आवाजाही और उनकी भूमिका चिंताजनक है। हम सतर्कता से इस पर नजर रखेंगे।

तालिबान के कश्मीर राग पर भारत का करारा जवाब
अफगानिस्तान में सरकार के ऐलान से पहले कश्मीर का राग अलापने वाले तालिबान को भारत ने करारा जवाब दिया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा है कि भारत संविधान का पालन करता है। यहां मस्जिदों में दुआ करते लोगों पर गोलियों और बम से हमला नहीं किया जाता। न लड़कियों को स्कूल जाने से रोका जाता है और न ही उनके सिर और पैर काटे जाते हैं।

नकवी ने ये बात तालिबान के उस बयान के जवाब में कही हैं, जिसमें कहा गया था कि कश्मीर समेत दुनियाभर के मुसलमानों की आवाज उठाने का हक तालिबान को है। नकवी ने तालिबान से सीधे तौर पर कहा है कि भारत के मुसलमानों को छोड़ दें, उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है।

गनी सरकार के सीक्रेट हासिल करना चाहता है तालिबान
अफगानिस्तान की पूर्व सरकार और अमेरिका के हथियारों पर कब्जा करने के बाद तालिबान अब उनके सीक्रेट भी हासिल करना चाहता है। इसीलिए वह अफगानिस्तान की अशरफ गनी सरकार के ई-मेल एक्सेस करने की कोशिश कर रहा है। इसे देखते हुए गूगल ने गनी सरकार के कई ई-मेल अकाउंट टेंपरेरी तौर पर ब्लॉक कर दिए हैं। गूगल ने कहा है कि अफगानिस्तान की स्थिति पर एक्सपर्ट से चर्चा जारी है और सरकारी ई-मेल अकाउंट्स की सुरक्षा को देखते हुए एक्शन ले रहे हैं।

तालिबान के दावे के रेजिस्टेंस फोर्स ने गलत बताया
पंजशीर पर जीत के तालिबान के दावे को रेजिस्टेंस फोर्स ने गलत बताया है। उसका कहना है उसने तालिबान के खिलाफ बढ़त बना ली है। अफगानिस्तान के पूर्व उप-राष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा है कि हमारी सेना तालिबानियों का डटकर मुकाबला कर रही है। उन्होंने कहा है कि वे आतंकियों के निशाने पर हैं और इस खतरे के लिए उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया है। उन्होंने खुद के ताजिकिस्तान भागने का भी खंडन किया है। सालेह ने कहा है कि वे अभी भी पंजशीर में हैं और तालिबानियों से लड़ रहे हैं।

तालिबान आज करेगा सरकार का ऐलान
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान में तालिबानी सरकार की कमान मुल्ला बरादर संभालेगा। वहीं तालिबान के फाउंडर मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला मोहम्मद याकूब और शेर मोहम्मद अब्बास स्टेनकजई को भी तालिबानी सरकार में अहम पद दिए जाएंगे। ये सभी काबुल में हैं। दैनिक भास्कर के सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान की वास्तविक सत्ता शूरा समिति के हाथ में ही रहेगी।

तालिबानी हुकूमत के सामने अफगानी महिलाएं अपने हकों की आवाज उठा रही हैं। वे मांग कर रही हैं कि उनकी उपलब्धियों और पढ़ाई की हिफाजत की जाए। सभी फोटो काबुल में प्रदर्शन कर रहीं एक्टिविस्ट की है।

तालिबानी मिलिट्री वाहन को मसूद की सेना ने रॉकेट से उड़ाया
पंजशीर में तालिबान को भारी नुकसान की खबर है। हामिद मसूद की रेजिस्टेंस फोर्स ने तालिबान के लड़ाकों का पंजशीर में घुसना मुश्किल कर दिया है। इस पहाड़ी प्रांत में मसूद के लड़ाकों ने हर रास्ते पर एम्बुश लगा रखा है। पंजशीर समर्थकों ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उनके लड़ाके तालिबानियों के सैन्य वाहनों को रॉकेट से उड़ाते हुए दिख रहे हैं। रॉकेट दागने के बाद सैन्य वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। इतना ही नहीं रॉकेट दागने के बाद पंजशीर समर्थक लड़ाके गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी करते दिख रहे हैं। ये वीडियो किस जगह का है इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related Articles

Back to top button