ननद-भाभी के बीच छिड़ी सियासी जंग:पूर्व विधायक अनिल सिंह की भतीजी और बहू आमने-सामने,

कांग्रेस विधायक बहू के समर्थन में

पूर्व विधायक की भतीजी रेखा कुमारी व कुमारी बंटी।

नवादा में ननद-भाभी के बीच सियासी जंग छिड़ गई है। हिसुआ के पूर्व विधायक अनिल सिंह के बड़े भाई की बेटी रेखा कुमारी और छोटी बहू कुमारी बंटी आमने-सामने हैं। दोनों जिला परिषद की प्रत्याशी हैं। पंचायत चुनाव के चौथे चरण में बुधवार 20 अक्टूबर को वोटिंग है।

अकबरपुर प्रखंड जिले का सबसे बड़ा प्रखंड है। यहां कुल 19 पंचायतें हैं। 19 मुखिया, 19 सरपंच, 27 पंचायत समिति सदस्य, 257 वार्ड सदस्य, 257 पंच और 3 जिला परिषद के लिए वोट डाले जाएंगे। जिला प्रशासन चुनाव की पूरी तैयारी कर चुका है, लेकिन प्रखंड का जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र-11 अकबरपुर पश्चिमी सबसे हॉट सीट बना हुआ है। 9 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन सगी ननद-भाभी की चुनावी टक्कर चर्चा का विषय है।

चुनावी अखाड़े में दोनों के तेवर तल्ख

रेखा कुमारी और कुमारी बंटी एक ही क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। अधिवक्ता शम्भू सिंह हिसुआ के पूर्व भाजपा विधायक अनिल सिंह के बड़े भाई हैं। उनकी बड़ी बेटी रेखा कुमारी और छोटी बहू कुमारी बंटी आमने-सामने हैं। कुमारी बंटी LJP नेता विकास कुमार राजा की पत्नी हैं। दोनों के बीच की लड़ाई सियासी तौर पर और ज्यादा तीखी है। भले ही घर का माहौल जैसा भी हो, चुनावी अखाड़े में दोनों के तेवर तल्ख ही हैं। पूर्व विधायक अनिल सिंह भतीजी के पक्ष में खड़े हैं। वहीं, उनकी प्रतिद्वंद्वी वर्तमान कांग्रेस विधायक नीतू देवी बहू कुमारी बंटी को आशीर्वाद देती दिख रहीं हैं।

पिछली बार रेखा कुमारी जीती थीं चुनाव

विधायक नीतू देवी ने बताया- ‘कुमारी बंटी की जीत के प्रति आश्वस्त हूं। पिछले चुनाव में ननद यानी पूर्व विधायक की भतीजी रेखा कुमारी यहां से जीती थी, लेकिन इस बार भाभी रास्ता रोके खड़ी हैं।’ जिले के हॉट सीटों में शुमार जिला परिषद की यह सीट वर्तमान और पूर्व विधायक की राजनीतिक पकड़ का भी अहसास कराएगा। इस सीट पर कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव गैर दलीय है, लेकिन सभी दलों के नेता अपने प्रत्याशी उतार रखे हैं। पूर्व जिला पार्षद सावित्री देवी भी मैदान में हैं। RJD ने रूबी देवी, JDU ने रेखा देवी को मैदान में उतार रखा है। इसलिए भी यहां के परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button