लैंडस्लाइड की चपेट में आया मिलिट्री कैंप, 3 जवानों की मौत.. 6 अभी भी लापता, फंसे 1000 से ज्यादा टूरिस्ट

सिक्किम में रविवार शाम करीब 7 बजे एक मिलिट्री कैंप भारी बारिश के बाद आए लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। इस हादसे में सेना के तीन जवानों की जान चली गई, जबकि छह जवान अब भी लापता हैं। सेना द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शहीद जवानों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।
चार जवानों को जिंदा बचाया गया, सर्च ऑपरेशन जारी
इस हादसे के बाद सेना ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे चार जवानों को जिंदा बाहर निकाला गया है। इन जवानों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। वहीं, छह जवान अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
लाचेन और लाचुंग में फंसे 1000 से ज्यादा टूरिस्ट रेस्क्यू
सिक्किम के लाचेन और लाचुंग इलाके में 30 मई से भारी बारिश के कारण सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए थे। सेना और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सोमवार को 1000 से अधिक टूरिस्टों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इन इलाकों में लगातार बारिश और लैंडस्लाइड से सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश से अब तक 37 की मौत
सिर्फ सिक्किम ही नहीं, बल्कि असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले चार दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कुल 37 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें दर्ज की गई हैं।
अक्टूबर 2023 की त्रासदी की यादें ताजा
सिक्किम में अक्टूबर 2023 में भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब बादल फटने से तीस्ता नदी में आई अचानक बाढ़ ने तबाही मचा दी थी। इस त्रासदी में 18 लोगों की मौत हुई थी और 98 लोग लापता हो गए थे, जिनमें 22 सैनिक भी शामिल थे। इनमें से कई का आज तक कुछ पता नहीं चल सका है।
सेना, एयरफोर्स और असम राइफल्स राहत कार्य में जुटी
पूर्वोत्तर राज्यों में बिगड़ते हालात को देखते हुए सेना, वायुसेना और असम राइफल्स को राहत कार्यों में तैनात किया गया है। असम में 3.64 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
अन्य राज्यों में भी मौसम का कहर जारी
मणिपुर में बाढ़ से 19,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। त्रिपुरा में 10,000 से अधिक लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के कारण 2 जून को सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। राज्य में 30 मई से अब तक लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं हो चुकी हैं।
बिहार और राजस्थान में भी नुकसान, मौसम विभाग का अलर्ट
राजस्थान के 30 और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के वैशाली में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण एक घर गिर गया, जिसमें 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।