उपचुनाव में हिंदुत्व की दिखेगी झलक:MP में दशहरा पर विजय संकल्प ध्वज फहराएगी BJP

केंद्रीय नेताओं को किया आमंत्रित, 'नवमी' पर हर बूथ पर लाड़ली लक्ष्मी का पाद पूजन

मध्य प्रदेश में एक लोकसभा और तीन विस सीटों पर हो रहे चुनाव में निर्वाचन आयोग सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच करेगा। इसके बाद 13 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। 14 अक्टूबर तक चारों सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद 15 अक्टूबर से राजनीतिक दलों का चुनावी प्रचार गति पकड़ेगा। बीजेपी ने दशहरा के दिन 15 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में विजय संकल्प ध्वज (पार्टी का झंडा) फहराने का निर्णय लिया है।

BJP चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के सभी नेता किसी एक जगह पहुंचकर विजय संकल्प भगवा ध्वज फहराएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता भी इस दिन जीत का संकल्प लेकर ध्वज फहराएगा। समिति के अध्यक्ष एवं नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन में केंद्रीय नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि अभी यह बता पाना मुश्किल है कि कौन-कौन से नेता मध्य प्रदेश आएंगे।

बैठक में तय हुआ है कि नवमी के दिन हर बूथ पर लाड़ली लक्ष्मी का पाद पूजन किया जाएगा। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जाएगा। जिन्हें योजनाओं से लाभ मिला है, उन हितग्राहियों से संपर्क कर बताया जाएगा कि भाजपा सरकार ही उनके हित में फैसले ले रही है।

किसानों से विशेष रूप से संपर्क करने की रणनीति बनाई गई है। इसमें किसानों को किसान कल्याण, सम्मान निधि, शून्य प्रतिशत पर ब्याज जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि भाजपा सरकार किसानों के हित में कई बड़े फैसले लगातार ले रही है। पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा हुई। तय हुआ है कि पिछड़ा वर्ग को आरक्षण की स्थिति जनता के बीच स्पष्ट की जाए। कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करते हुए यह स्थापित किया जाए कि भाजपा ही इस वर्ग को आरक्षण देने के लिए सभी प्रयास कर रही है।

बड़ी नहीं, छोटी सभाओं पर जोर
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि नवरात्र तक उप चुनाव प्रबंधन के काम कर लिए जाएं। 15 अक्टूबर के बाद पूरी ताकत से चुनावी गतिविधियों को अंजाम देना है। इस दौरान सभाओं और सम्मेलनों के माध्यम से मतदाताओं को बीजेपी की नीतियों के बारे में जानकारी दी जाए। यह भी कहा है कि दमोह उप चुनाव से उलट इस बार बूथ पर फोकस करना है। बड़ी सभाओं की जगह छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से जनता से संवाद किया जाए।

सीनियर नेताओं का सम्मान भी होगा
बीजेपी त्योहारों के दिनों में कन्या पूजन और सीनियर नेताओं का सम्मान करेगी। दरकिनार हुए सीनियर नेताओं की पूछ-परख करने का भी कार्यक्रम तैयार किया गया है। पार्टी ने 21 अक्टूबर को जन संघ के स्थापना दिवस पर मंडल स्तर पर संगोष्ठी आयोजित करने और जनसंघ के समय से पार्टी का काम कर रहे सीनियर नेताओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम बनाया है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button