हिरासत में लिए गए ‘आप’ सांसद:संजय सिंह बगैर परमिशन वाराणसी में तिरंगा यात्रा निकालने जा रहे थे,

26 कार्यकर्ताओं को भी पकड़ा

वाराणसी के गणेशपुर तरना में रोके जाने पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह पुलिस कर्मियों से नाराजगी जताते हुए।

आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह को 18 दिन के भीतर दूसरी बार पुलिस ने हिरासत में लिया है। वे वाराणसी में तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने के लिए जा रहे थे। इससे पहले उन्हें 4 अक्टूबर को लखीमपुर जाते समय हिरासत में लिया गया था।

पुलिस ने गणेशपुर तरना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उन्हें रोका तो समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इस पर 26-27 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया है। जबकि संजय सिंह मौके पर गाड़ी में बैठे हैं।

पुलिस का कहना है कि तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने की अनुमति वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट प्रशासन से नहीं मिली है। वहीं, संजय सिंह का कहना है कि जब अन्य राजनीतिक पार्टियां कार्यक्रम और रैलियां कर रही हैं तो उनकी पार्टी के आयोजन में प्रशासन को क्या आपत्ति है।

उधर, वाराणसी के आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि पुलिस ने संजय सिंह को अवैध तरीके से हिरासत में लिया है। उन्होंने राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू को पत्र लिखा है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के वाहन को रोक कर उसके आगे खड़े पुलिसकर्मी।

कचहरी से मलदहिया तक जानी थी यात्रा
आम आदमी पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को वाराणसी के कचहरी स्थित आंबेडकर पार्क से मलदहिया स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल तक तिरंगा संकल्प यात्रा निकाली जानी थी। हालांकि, आम आदमी पार्टी की इस यात्रा को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट प्रशासन ने अनुमति नहीं दी।

इसके साथ ही आयोजन से जुड़े लोगों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 149 के तहत नोटिस देकर कहा गया है कि अगर वह यात्रा में शामिल होंगे तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को उनके घर में नजरबंद किया है। कचहरी और मलदहिया चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।

संजय सिंह ने सभापति से लगाई गुहार
गणेशपुर तरना में पुलिस द्वारा रोके जाने पर संजय सिंह ने राज्यसभा के सभापति को संबोधित पत्र ट्वीट किया। संजय सिंह ने कहा कि सभापति जी मुझे गैरकानूनी ढंग से वाराणसी में भारी पुलिस बल के साथ रोका गया है। मेरे साथ कोई भी घटना घटित हो सकती है। कृपया तत्काल हस्तक्षेप करें।

तिरंगा संकल्प यात्रा के आयोजन से जुड़े आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस की ओर से जारी किया गया नोटिस।

आप कार्यकर्ता गणेशपुर तरना रवाना हुए
संजय सिंह को पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गणेशपुर तरना की ओर रवाना हो गए हैं। वहीं, मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस बल की संख्या गणेशपुर तरना में बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही संजय सिंह को रोके जाने के संबंध में फिलहाल पुलिस अफसर कुछ भी कहने से कतराते नजर आए। अफसरों ने सिर्फ इतना ही कहा कि कमिश्नरेट प्रशासन की अनुमति के बगैर सार्वजनिक स्थल पर कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकता है।

संजय सिंह को हाईवे पर रोके जाने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को वाराणसी में हाउस अरेस्ट किया गया है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button