जेल गए सपा कार्यकर्ताओं के हित मे अखिलेश यादव ने उठाया ये बड़ा कदम, जानिए पूरा मामला

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से 27 कार्यकर्ताओं के नाम से एक-एक लाख रुपये के चेक जारी किए जा चुके हैं।

ईवीएम प्रकरण में जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी न्यायिक कार्यों में आर्थिक सहयोग करेगी। इसके लिए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से 27 कार्यकर्ताओं के नाम से एक-एक लाख रुपये के चेक जारी किए जा चुके हैं। इसे जल्द ही संबंधित कार्यकर्ताओं के घर पहुंचाया जाएगा। उन्हें पार्टी की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।

किशन दीक्षित ने मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। कहा कि भाजपा सरकार द्वेषपूर्ण भावना से ग्रसित होकर सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगा कर जेल भेज रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पिछले दिनों जिला कारागार में सपा नेताओं-कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। साथ ही जिलाध्यक्ष सुजित यादव लक्कड व किशन दीक्षित से कार्यकर्ताओं के बारे में जानकारी ली थी। उस दौरान किशन दीक्षित ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जेल में बंद कार्यकर्ताओं की आर्थिक स्थिति की जानकारी दी थी। इसमें धन की कमी से जमानत व न्यायिक कार्यों के लिए आर्थिक मदद का आग्रह किया था। उसका संज्ञान लेते हुए अखिलेश यादव ने सपा के 27 कार्यकर्ताओं-नेताओं को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद के लिए किशन दीक्षित को लखनऊ बुला कर चेक सौंपा। इसे जल्द ही हर कार्यकर्ता को उपलब्ध करा दिया जाएगा।

किशन दीक्षित ने कहा कि विस चुनाव की मतगणना से ठीक पहले ईवीएम मशीन को पहड़िया स्ट्रांग रूम से निकाल कर बाहर किसी अन्य जगह ले जाया जा रहा था। इसका सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। इस पर कमिश्नर ने सार्वजनिक रूप से चूक स्वीकार की थी। कहा था कि ईवीएम एक जगह से दूसरी जगह ले जाने से पहले सभी राजनीतिक दलों, उनके प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों को सूचना दिया जाना आवश्यक है, लेकिन ऐसा नही किया गया।

उन्होंने जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का भी भरोसा दिया था, लेकिन बाद में वादे के विपरीत सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर जिला कारागार में बंद कर दिया गया। प्रेसवार्ता में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुजित यादव, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, उत्तरी विधान सभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे अशफाक अहमद डब्लू व कैंट प्रत्याशी रहीं पूजा यादव आदि थीं।

 

 

 

Related Articles

Back to top button