रूस के मंत्री की मौत

इमरजेंसी मिनिस्टर जिनिचेव कैमरामैन को बचाने बर्फीले पानी में कूदे, सिर नुकीले पत्थर से टकराया और जान चली गई

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के करीबी सहयोगी इमरजेंसी सिचुएशन मिनिस्टर येवगेनी जिनचेव की बुधवार को एक हादसे में मौत हो गई। जिनिचेव आर्कटिक जोन में एक अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान एक कैमरामैन पानी में फिसला। उसको बचाने के लिए जिनिचेव पानी में कूदे। दोनों की मौत हो गई। राष्ट्रपति पुतिन ने अपने सहयोगी के निधन पर संवेदना प्रकट की है।

मिनिस्ट्री ने जारी किया बयान
55 साल के जिनिचेव के निधन पर उनकी इमरजेंसी मिनिस्ट्री ने भी एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया- हमें इस बात का अफसोस है कि जिनिचेव अपने कर्तव्य को निभाते हुए शहीद हुए। वो आर्कटिक जोन के नोरलिस्क में एक मिशन ड्रिल में शामिल हुए थे। इसमें सिविल और मिलिट्री यूनिट्स हिस्सा लेती हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति की जान बचाते हुए उन्हें अपनी जान गंवाना पड़ी।

कैसे हुई दुर्घटना
‘मॉस्को टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक- इस हादसे के कई गवाह मौजूद हैं। लेकिन, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ सोचने या करने का वक्त ही नहीं मिला। ड्रिल को एक कैमरामैन कवर कर रहा था। अचानक वो ऊंचाई से फिसला और बर्फीले पानी में जा गिरा। उसे बचाने के लिए फौरन जिनिचेव ने भी पानी में छलांग लगा दी। बर्फीले पानी में गिरते ही उनका सिर किसी नुकीले पत्थर से टकराया और मौत हो गई। जिनिचेव जिस कैमरामैन को बचाने के लिए पानी में कूदे थे, उसकी भी घटना में मौत हो गई।

पुतिन के करीबी
जिनिचेव राष्ट्रपति पुतिन के सिर्फ कैबिनेट सहयोगी ही नहीं, बल्कि अच्छे दोस्त भी थे। 1980 के दौरान वो रूस की खुफिया एजेंसी केजीबी में अफसर थे। इसके बाद वे एक पुलिस अफसर रहे। बाद में उन्हें फेडरल सिक्योरिटी सर्विस में लाया गया। पुतिन उन पर काफी भरोसा करते थे। इसके चलते राष्ट्रपति की सुरक्षा से जुड़ी टीम में भी उन्हें अहम जिम्मेदारी मिली। 2006 से 2015 तक वे पुतिन की सिक्योरिटी यूनिट में तैनात रहे। जिनिचेव के निधन के बाद इमरजेंसी के डिप्टी मिनिस्टर एलेक्झेंडर शुप्रियान को कार्यवाहक मंत्री बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button