आज का इतिहास:61 साल पहले अमेरिका में टीवी पर पहली बार प्रेसिडेंशियल डिबेट दिखाई गई,

इसने चुनाव प्रचार का तरीका ही बदल दिया

अमेरिका में आज ही के दिन 1960 में पहली बार टीवी पर प्रेसिडेंशियल डिबेट हुई थी। जॉन. एफ कैनेडी और रिचर्ड निक्सन के बीच हुई इस डिबेट ने अमेरिकी चुनावों में प्रचार के पूरे तरीके को बदल दिया। आज भी अमेरिका में चुनाव प्रचार के लिए प्रेसिडेंशियल डिबेट को महत्वपूर्ण माना जाता है।

नवंबर 1960 में अमेरिका में चुनाव होने थे। डेमोक्रेटिक पार्टी ने कैनेडी और रिपब्लिकन पार्टी ने निक्सन को अपना उम्मीदवार बनाया था। दोनों ही उम्मीदवार जोरदार तरीके से चुनाव प्रचार में लगे हुए थे। उस वक्त तक अमेरिका में टीवी एक बड़ा माध्यम बन चुका था। फैसला लिया गया कि क्यों न प्रेसिडेंशियल डिबेट को टीवी पर ब्रॉडकास्ट किया जाए।

शिकागो के एक स्टूडियो में डॉन हेविट के निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। फैसला लिया गया कि दोनों के बीच इस तरह की 4 डिबेट करवाई जाएंगी।

डिबेट के दौरान की तस्वीर। इस डिबेट को टीवी पर 6 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा।

26 सितंबर 1960 को पहली डिबेट हुई। कहा जाता है कि इस डिबेट को देखकर ही दर्शकों ने अंदाजा लगा लिया था कि कैनेडी राष्ट्रपति पद के लिए निक्सन से बेहतर हैं। कैनेडी कैमरे पर पूरी तरह कॉन्फिडेंट दिखे जबकि निक्सन कैमरे के सामने नर्वस हो गए और उन्होंने मेकअप भी नहीं करवाया था। डिबेट से कुछ दिन पहले ही निक्सन बीमारी से उठे थे, उसकी कमजोरी भी उनके हाव-भाव में साफ दिखाई दे रही थी। दर्शकों पर निक्सन के कमजोर और कैनेडी के कॉन्फिडेंट प्रजेंटेशन का असर हुआ।

हालांकि दोनों के बीच कांटे की टक्कर रही। कैनेडी को 49.7%, वहीं निक्सन को 49.6% वोट मिले।

मनमोहन सिंह का आज जन्मदिन

2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह का आज 89वां जन्मदिन है। देश के महान अर्थशास्त्रियों में से एक के रूप में पहचान रखने वाले मनमोहन सिंह का जन्म अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक गांव में हुआ था।

डॉ. सिंह ने 1948 में पंजाब विश्वविद्यालय से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई ब्रिटेन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से की। 1962 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से डी.फिल किया। पंजाब यूनिवर्सिटी और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पढ़ाया।

डॉ. सिंह ने वित्त मंत्रालय के सचिव, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, भारतीय रिजर्व बैंक के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री के सलाहकार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। 1991 से 1996 तक वित्तमंत्री रहे और उन्होंने आर्थिक सुधारों के लिए व्यापक स्तर पर नीति बनाई। 1987 में उन्हें भारत के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया।

प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते मनमोहन सिंह। तस्वीर 2004 की है।

डॉ. सिंह 2004 से 2014 तक 10 साल 4 दिन प्रधानमंत्री रहे। वे देश में जवाहरलाल नेहरू (करीब 17 साल) और इंदिरा गांधी (करीब 11 साल) के बाद सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री रहे। नरेंद्र मोदी पिछले सात साल से इस पद पर हैं और इस समय वे सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री रहे नेताओं में सिंह के बाद चौथे नंबर पर आते हैं।

आज डॉटर्स डे
कुछ समय पहले तक भारत में बेटे की चाहत बहुत ज्यादा होती थी। बालिका भ्रूण हत्या की शिकायतें भी तेजी से बढ़ रही थीं। तब लड़कियों से भेदभाव के खिलाफ और लैंगिक समानता के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने के लिए डॉटर्स डे मनाया जाने लगा। आमतौर पर लड़कियों को समर्पित यह दिन सितंबर के चौथे रविवार को मनाया जाता है। इस साल 26 सितंबर को भारत में डॉटर्स डे मनाया जा रहा है। यूएस, यूके, कनाडा और जर्मनी समेत कुछ और देश हैं जो डॉटर्स डे मनाएंगे। कुछ देशों में 25 सितंबर को, कुछ देशों में 1 अक्टूबर को भी डॉटर्स डे मनता है। इसकी शुरुआत कब हुई, कोई नहीं जानता, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया की वजह से इसका चलन तेजी से बढ़ा है।

26 सितंबर के दिन को इतिहास में और किन-किन महत्वपूर्ण घटनाओं की वजह से याद किया जाता है…

2018: सुप्रीम कोर्ट ने 12 अंकों वाले आधार नंबर की वैधता को कायम रखा, लेकिन कहा कि बैंक अकाउंट्स, सेलफोन कनेक्शन और स्कूल एडमिशन के लिए इसे अनिवार्य नहीं किया जा सकता।

2014: मेक्सिको के इगुआला में 43 छात्रों का सामूहिक अपहरण।

2009: फिलिपींस, चीन, वियतनाम, कंबोडिया, ला ओस और थाईलैंड में कैट्साना तूफान से 700 लोगों की मौत।

1998: सचिन तेंदुलकर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट मैच में 18वां शतक लगाकर डेसमंड हेन्स का विश्व रिकार्ड तोड़ा।

1984: ब्रिटेन हांगकांग को चीन के हवाले करने के लिए सहमत हुआ।

1959: जापान के इतिहास में सबसे शक्तिशाली तूफान ‘वेरा’ से 4580 लोगों की मौत और 16 लाख लोग बेघर हुए।

1950: इंडोनेशिया ने संयुक्त राष्ट्र की सदस्यता ग्रहण की।

1950: संयुक्त राष्ट्र सैनिकों ने उत्तर कोरिया के सैनिकों से सोल को अपने कब्जे में लिया।

1923: हिंदी फिल्म अभिनेता देवानंद का जन्म।

1872: न्यूयाॅर्क सिटी में पहला मंदिर बना।

1820: प्रसिद्ध भारतीय समाज सुधारक ईश्वरचंद विद्यासागर का जन्म।

1777: अमेरिकी क्रांति: ब्रिटिश सैनिकों का फिलाडेल्फिया पर कब्जा।

Related Articles

Back to top button