7 घंटे तक तलाशी के बाद कोकीन से हशीश तक बरामद;

जानें कैसे मुंबई में क्रूज पर चल रही रेव पार्टी का एनसीबी ने किया भांडाफोड़

मुंबई के समुद्री में क्रूज पर चल रही एक ड्रग्स पार्टी में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए हैं और 10 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें से एक बॉलीवुड सुपरस्टार का बेटा भी है। खबरों के मुताबिक, यह जहाज मुंबई से गोवा जा रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में से दो हरियाणा और दिल्ली के ड्रग तस्कर हैं। इतना ही नहीं, इस पार्टी में एंट्री के लिए हर शख्स ने 80 हजार रुपये से ज्यादा की फीस चुकाई थी।

सात घंटे तक चली एनसीबी की रेड
एक पुख्ता टिप मिलने के बाद मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े और अन्य एनसीबी अधिकारी जहाज में आम यात्रियों की तरह सवार हुए। मुंबई से रवाना होकर जहाज जैसे ही समुद्र के बीचोंबीच पहुंचा, तभी रेव पार्टी शुरू हुई। इसके बाद एनसीबी के अधिकारी एक्शन में आ गए और सात घंटे तक छापेमारी जारी रही। इस रेड में सुपरस्टार के बेटे सहित 10 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सभी को मुंबई लाया गया है। माना जा रहा है कि इस रेव पार्टी के पीछ दिल्ली की किसी कंपनी का हाथ था।

एनसीबी ने छापेमारी में क्या-क्या बरामद किया?
सात घंटे लंबी चली छापेमारी के दौरान एनसीबी अधिकारियों को 4 तरह के ड्रग्स मिले। इनमें MDMA, मेफेड्रोन, कोकीन और हशीश शामिल हैं। हालांकि, अभी भी छानबीन जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, एक बॉलीवु़ड के सुपरस्टार के बेटे को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अभी यह कंफर्म नहीं है कि उसने ड्रग्स का सेवन किया था या नहीं। क्रूज को वापस मुंबई लाया गया है। हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। क्रूज पर सवार सभी लोगों का डोप टेस्ट किया जा सकता है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है कि यहां एक यात्री क्रूज शिप (जहाज) पर शनिवार शाम छापेमारी की, जहां पार्टी चल रही थी और उसमें मादक पदार्थों का सेवन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि यह जहाज गोवा जाने वाला था और उस पर सैकड़ों यात्री सवार थे। जहाज पर एक पार्टी होने के बारे में एक गुप्त सूचना मिलने पर एनसीबी के दल ने छापेमारी की। अधिकारी ने बताया कि कुछ यात्रियों के पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किये गये। किसी भी यात्री को जहाज से उतरने नहीं दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button