राजे ने रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया

अजमेर  राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने अजमेर के पूर्व सांसद रासा सिंह रावत के निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।

अपने ट्विटर संदेश में श्रीमती राजे ने लिखा कि पूर्व सांसद रासा सिंह रावत के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने पांच बार अजमेर का प्रतिनिधित्व किया और आजीवन क्षेत्र के लोगों की सेवा की।

इस संकट की घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। उनका निधन पूरे भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व सांसद रावत का सोमवार शाम अजमेर में निधन हो गया। वे एक दिन पहले ही कोरोना संक्रमण के बाद जेएलएन अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए थे। उसके बाद उन्हें पुनः बुखार आ गया। उनका निधन अपने निज निवास पर हुआ और रात करीब 8:30 बजे ही स्थानीय पहाड़गंज स्थित शमशान पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

दिवंगत रावत राजनीति के मजे हुए जनप्रतिनिधि, भाषण व शिक्षाविद, सरल, सहज, सुलभ और वाकचातुर्य के धनी थे। आर्य समाज और उसकी शिक्षण संस्थाओं में उनकी मजबूत पेठ थी। उनके निधन से अजमेर जिले में संपूर्ण भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है।

Related Articles

Back to top button