योग में रंगा पंजाब: सीएम दी योगशाला में उमड़ा जनसैलाब, 21 हज़ार की भागीदारी से बना रिकॉर्ड

जालंधर, 19 जून — पंजाब का जालंधर शहर बुधवार को योगमय हो गया। ‘सी.एम. दी योगशाला’ कार्यक्रम के तहत पी.ए.पी. ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय योग शिविर में 21,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जो राज्य में एक साथ सबसे अधिक लोगों के योग करने का रिकॉर्ड बन गया। कार्यक्रम की अगुवाई पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने की।
योग बना जनांदोलन, रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी
कार्यक्रम में 17,000 योग मैट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उससे कहीं अधिक लोग उपस्थित हुए। भारी जनसमूह को देखकर आयोजक भी अचंभित रह गए। यह आयोजन न केवल योग के प्रति जनता के बढ़ते रुझान को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि पंजाब एक स्वस्थ और ऊर्जावान राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
डॉ. बलबीर सिंह ने की नेतृत्व की अगुवाई
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन का संतुलन है। इसे अपनाकर हम शारीरिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी स्वस्थ बन सकते हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में रोज़ाना 3,200 योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे लगभग 1 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहल
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुरू की गई थी। दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू किए गए ‘योगशाला’ मॉडल की सफलता से प्रेरणा लेकर पंजाब सरकार ने इसे राज्य में लागू किया, जिससे प्रदेश के नागरिकों को स्वस्थ जीवन की दिशा में नई ऊर्जा मिली है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचेगा योगशाला प्रोग्राम
डॉ. बलबीर सिंह ने घोषणा की कि अब इस कार्यक्रम का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल राज्य के नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योग के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है, जिससे वे इस बुराई से बाहर आ सकें।
प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
इस भव्य कार्यक्रम में मेयर विनीत धीर, प्रसिद्ध उद्योगपति और आम आदमी पार्टी नेता नितिन कोहली, स्वास्थ्य सचिव कुमार राहुल, ए.डी.जी.पी. नरेश अरोड़ा, डी.आई.जी. नवीन सिंगला और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
एक नशा मुक्त, ऊर्जावान और जागरूक समाज का निर्माण
‘सी.एम. दी योगशाला’ ने पंजाब में स्वास्थ्य जागरूकता की एक नई लहर पैदा की है। योग अब सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि सामूहिक जन आंदोलन बनता जा रहा है। इस पहल के माध्यम से पंजाब सरकार न केवल सेहतमंद पंजाब की परिकल्पना को साकार कर रही है, बल्कि एक नशा मुक्त, ऊर्जावान और जागरूक समाज का निर्माण भी कर रही है।