प्रियंका गांधी का चुनावी मंथन, चुनाव लड़ने के दावेदारों से मांगे गए ये

लखनऊ. 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए लखनऊ दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने संगठन निर्माण पर जोर दिया है. कांग्रेस मुख्‍यालय के शनिवार को जारी बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे हैं. कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्‍ता उमाशंकर पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता अपना आवेदन प्रदेश या जिला मुख्यालय पर 26 सितंबर, 2021 तक जमा कर सकते हैं.

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार और शनिवार की समीक्षा बैठक में कहा था कि टिकट बंटवारे में संगठन और पदाधिकारियों की राय महत्‍वपूर्ण होगी. उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस के लिए ही नहीं वरन राष्ट्र निर्माण के लिए भी एक मजबूत संगठन की जरूरत है.

कांग्रेस मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में प्रियंका ने शनिवार को तीसरे दिन सिलसिलेवार बैठकों में संगठन की व्यापक समीक्षा के साथ-साथ जमीनी रूझानों एवं चुनावी रणनीति पर मंथन किया. उन्होंने एक-एक पदाधिकारी से रिपोर्ट व फीडबैक प्राप्त किया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रूहेलखण्ड एवं मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों की ब्लाक तथा न्याय पंचायतवार समीक्षा की और पदाधिकारियों से आगामी रणनीति पर व्यापक विचार विमर्श किया.

संगठन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी 

प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव बिल्कुल नजदीक हैं इसलिए कार्यकर्ताओं को दिन रात कार्य करने की जरूरत है. टिकट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया में संगठन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. उन्होंने कहा कि संगठन का काम अब आखिरी चरण में पहुंच चुका है तथा आगामी चुनाव में टिकट बंटवारे में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.

बता दें कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के दौरे पर गुरुवार की शाम को लखनऊ पहुंची थीं. शुक्रवार से उन्होंने पदाधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की. रविवार को वो कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली जायेंगी. केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध के मुद्दे पर भी कांग्रेस की बैठक में चर्चा हुई.

Related Articles

Back to top button