अनुराग ठाकुर बोले- 24 घंटे देश के लिए जीते हैं PM मोदी, 20 साल से नहीं ली एक भी छुट्टी

नेशनल डेस्क: गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 20 साल पूरे करने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने 20 साल के कालखंड को सुशासन, सेवा और समर्पण की दृष्टि से ऐतिहासिक बताया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी जी ने 20 साल ही नहीं बल्कि और लंबी पारी खेलकर देश को आगे लेकर जाना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 24 घंटे देश के लिए जीते हैं और उन्होंने 20 साल मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहते हुए भी एक मुख्य सेवक और प्रधान सेवक के रूप में कार्य किया है। वह मजबूत, संवेदनशील, प्रतिबद्ध व दूरदर्शी हैं। परिश्रमी भी हैं और गतिशील भी।

 

मोदी जी ने इन 20 सालों में कोई अवकाश नहीं लिया है, न व्यक्तिगत जीवन में और न ही राजनीतिक रूप से। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में प्रधान सेवक की भावना ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ मूलमंत्र से कार्य करते हुए उन्होंने गुजरात व भारत को आगे बढ़ाया। ठाकुर ने कहा कि ये ऐतिहासिक 20 साल का कालखंड मोदी जी के जीवन की उपलब्धि है, उन्होंने भारत को आगे बढ़ाने का काम किया है।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि डिजीटल इंडिया की बात करें तो महामारी के समय, बच्चों की पढ़ाई हो या जन-जन तक सुविधाएं पहुंचाने की बात हो, उसमें भी तकनीक का उपयोग सबसे ज्यादा हुआ। यह शायद उनकी दूरदृष्टि है, जिसने देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दिया। दुनिया का कोई देश ऐसा नहीं कर पाया। कोविड एप और आरोग्य सेतु एप लाकर जागरूकता फैलाई। देश में कोरोना वैक्सीन की सौ करोड़ डोज होने वाली हैं तो कहीं न कहीं यह इनका देश के प्रति समर्पण भाव है।
 

Related Articles

Back to top button