यूपी में सपा कार्यालय पर लगा ताला.. जमकर हुआ बवाल, 15 समाजवादी गिरफ्तार.. इलाके में तनाव का माहौल

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बुधवार सुबह नगर पालिका द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय को खाली कराने की कार्रवाई के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ। नकटादाना चौराहे स्थित नगर पालिका ईओ (Ex. Officer) के सरकारी आवास में सपा कार्यालय पिछले कई वर्षों से संचालित हो रहा था।

2006 में आवंटित हुआ था आवासीय भवन

इस सरकारी भवन को वर्ष 2006 में सपा कार्यालय के लिए आवंटित किया गया था, लेकिन 2020 में आवंटन अवधि समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद कार्यालय का संचालन जारी रहा। एक माह पूर्व नगर पालिका प्रशासन ने भवन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की थी और 10 जून की डेडलाइन के साथ नोटिस भी चस्पा किया गया था।

प्रशासन ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई

बुधवार सुबह करीब 10 बजे सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, ईओ संजीव कुमार और अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सपा कार्यालय से सटे एक कमरे का ताला तोड़कर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसकी सूचना मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करने लगे।

बहस से बढ़ा मामला

अधिकारियों और सपा जिलाध्यक्ष के बीच बहस के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्कामुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए जबरन सपा पदाधिकारियों को हटाया। इसी बीच नगर पालिका ने भवन पर अपना ताला लगाकर अधिकार में ले लिया।

सपा जिलाध्यक्ष समेत 15 से अधिक पदाधिकारी हिरासत में

स्थिति बिगड़ते देख सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू, यूसुफ कादरी, पिंटू यादव समेत 15 से अधिक सपा पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया। सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के चलते नकटादाना चौराहा पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरातफरी की स्थिति बन गई।

पहले दी गई थी 6 दिन की मोहलत

गौरतलब है कि प्रशासन ने सपा पदाधिकारियों की मांग पर पहले छह दिन का समय दिया था, जिसके बाद बुधवार को समय सीमा पूरी होने पर यह कार्रवाई की गई। नगर पालिका ने प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के सहयोग से कब्जा प्रक्रिया पूरी की।

Related Articles

Back to top button