पटना : बसपा प्रदेश अध्यक्ष भरत बिंद राजद में शामिल

पटना। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रालोसपा और बसपा गठबंधन को एक और बड़ा झटका लगा है। शनिवार को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भरत बिंद भी राजद में शामिल हो गए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। बसपा के साथ ही उपेंद्र कुशवाहा के लिए यह बड़ा नुकसान माना जा रहा है। इस मौके पर बिंद ने कहा कि नया बिहार बनाने और नीतीश सरकार को हटाने के संकल्प के साथ उन्होंने राजद की सदस्यता ग्रहण की है। वह पार्टी को मजबूत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर को बसपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा के साथ गठबंधन कर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। इस गठबंधन में जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) भी शामिल है। इसके बाद रालोसपा के महासचिव माधव आनंद ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था आनंद के भी राजद में जाने की संभावना है।

राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने की संभावना

भरत बिंद अति पिछड़ी जाति से आते हैं और वर्ष 2012 से बसपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। वर्ष 2015 का चुनाव उन्होंने बसपा के टिकट पर भभुआ से लड़ा था। इस बार उनके राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। भरत बिंद से पहले बसपा के राज्य प्रभारी मनोज कुमार कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

Related Articles

Back to top button