हाथरस से भाजपा के निवर्तमान सांसद का हुआ निधन, दिल की बीमारी से थे पीड़ित

इस बार सांसद राजवीर सिंह दिलेर का टिकट काट दिया गया था। अचानक हुए निधन से भाजपा में शोक की लहर व्याप्त है

Hathras: यूपी के हाथरस से निवर्तमान सांसद राजवीर सिंह दिलेर का हार्ट अटैक की वजह से आज निधन हो गया। इस बार राजवीर सिंह का टिकट भाजपा ने काट दिया है और अनूप प्रधान को टिकट दिया है। राजवीर दिल के मरीज थे। अचानक उनका तबियत खराब होने की वजह से आनन फानन में उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

जानिए कौन थे राजवीर सिंह दिलेर

राजवीर सिंह दिलेर का जन्म 1 मई 1958 को हुआ था। वह मूलत: गभाना तहसील के दौरऊ गांव के निवासी थे। इनके पिता का नाम किशनलाल दिलेर था। तीन भाई बहनों में वह दूसरे नंबर पर थे। राजवीर के सबसे बड़े भाई राजेंद्र सिंह दिलेर सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हैं और गाजियाबाद में रहते हैं। राजवीर सिंह दिलेर सारसौल की सुरक्षा विहार कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। राजवीर के घर में पत्नी रजनी सिंह दिलेर के अलावा एक पुत्र दीपक व तीन बेटियां मंजू दिलेर, राधा दिलेर व पूर्णिमा दिलेर हैं। उनके सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।

इनके पिता भी सांसद रह चुके थे 

सांसद राजवीर सिंह दिलेर के पिता किशन लाल दिलेर हाथरस सीट से चार बार भाजपा सांसद रहे थे। ऐसे में राजवीर सिंह ने पिता की विरासत संभाली और भाजपा से ही राजनीति की। वह सर्वप्रथम 2000 से 2005 तक जवां ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य रहे थे। पिता को मृत्यु के बाद लगातार राजवीर राजनीति में सक्रिय रहे, और फिर 2017 में इगलास विधानसभा से वह टिकट पाए और विधायक निर्वाचित हुए। फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हाथरस से टिकट मिला और उन्होंने फिर जीत दर्ज की। राजवीर हाथरस से सांसद का चुनाव रिकार्ड मतों से जीते थे। राजवीर की मौत के बाद उनके घर में शोक की लहर दौड़ गई। लोग राजवीर के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हालांकि राजवीर दिल की बीमारी से पीड़ित थे।

 

Related Articles

Back to top button