मुंबई की निर्भया की मौत:

30 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रेप पीड़ित ने दम तोड़ा, आरोपी ने रॉड से प्राइवेट पार्ट पर हमला किया था

महिला का मुंबई के राजावाड़ी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। डॉक्टर्स ने उसके कई ऑपरेशन किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचा सकी।

सेफ सिटी इंडेक्स (2021) में देश की दूसरी सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली मुंबई में रेप के बाद मारपीट का शिकार हुई महिला की करीब 30 घंटे बाद हॉस्पिटल में मौत हो गई है। आरोपी ने रेप के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट पर रॉड से गंभीर रूप से हमला किया था। पीड़ित महिला का मुंबई के राजावाड़ी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।

मुंबई पुलिस ने आरोपी को कुछ देर पहले अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। इस पूरे मामले को लेकर CM उद्धव ठाकरे ने कहा है कि हम इस मामले की सुनवाई ट्रैक में ले जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा मिल सके।

CCTV फुटेज के मुताबिक, घटना गुरुवार रात 2.30 से 3 बजे के बीच हुई है। इसमें नजर आ रहा है कि आरोपी रेप के बाद महिला को रॉड से बुरी तरह से घायल करता है। फिर उसे अधमरी हालत में एक पिकअप वैन में फेक कर फरार हो जाता है। हालांकि, अंधेरी रात होने के कारण फुटेज बहुत साफ नहीं हैं, लेकिन आरोपी की हरकत साफ पता चल रही है। हालांकि, इसी फुटेज के आधार पर आरोपी मोहन चौहान (45) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी मोहन चौहान (45) को अरेस्ट कर लिया है। उसे महिला सड़क किनारे टहलते हुए मिली थी। रेप के बाद वह उसकी हत्या करना चाहता था।

एक कांस्टेबल ने टेम्पो में ही महिला को हॉस्पिटल पहुंचाया
मुंबई पुलिस के कमिश्नर हेमंत नागराले ने बताया कि इस मामले में 9-10 की रात 3.20 बजे एक चौकीदार द्वारा कंट्रोल रूम पर फोन करके बताया गया कि किसी ने एक महिला की बुरी तरह से पिटाई कर पिकअप वैन (टेम्पो) में फेक दिया गया है। इसके 10 मिनट बाद साकीनाका पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पहुंची और बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए एक कांस्टेबल टेम्पो के लेकर राजावाड़ी हॉस्पिटल पहुंचा और महिला को एडमिट करवाया।

एक महीने में पूरी कर देंगे मामले की जांच
कमिश्नर हेमंत नागराले ने आगे बताया कि इलाज के दौरान महिला रिस्पांड कर रही थी। हालांकि, डॉक्टर्स ने उन्हें काफी प्रयास किया उन्हें बचाने का, लेकिन वे दुर्भाग्यवश से नहीं बच सकीं। हमने पहले इस मामले में हत्या के प्रयास और रेप का केस दर्ज किया था, लेकिन अब मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया। इस मामले की जांच साकीनाका पुलिस स्टेशन की टीम और क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था। हमने CCTV फुटेज के आधार पर हमने जौनपुर के रहने वाले मोहन नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी 21 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में है। CM ने इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक सुनवाई का आदेश दिया है। हम एक महीने में इस मामले की पूरी इन्वेस्टिगेशन कर लेंगे।

मुंबई में कचरा उठाने का काम करता था आरोपी
नागराले ने आगे बताया कि आरोपी जौनपुर का रहने वाला है। वह अपने भाई और बहन के साथ मुंबई के साकीनाका इलाके में ही रहता था। वह कभी ड्राइवर का काम करता था और कभी कचरा उठाने का काम करता था। फिलहाल वह कस्टडी में है और जांच के बाद यह क्लियर होगा कि उसने ऐसी वारदात को क्यों अंजाम दिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी को महिला सड़क किनारे टहलते हुए मिली थी। रेप के बाद वह महिला की हत्या करना चाहता था, इसलिए उसने प्राइवेट पार्ट पर रॉड से हमला किया। 15 मिनट बाद वहां से गुजरने वाले किसी व्यक्ति ने महिला को खून से लथपथ बेहोशी की स्थिति में देखा और साकीनाका पुलिस स्टेशन को फोन कर इसकी जानकारी दी है।

वारदात की यह धुंधली तस्वीर मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई थी। इसी के आधार पर आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है।

पीड़िता अपनी दो बेटियों के साथ मुंबई में ही रहती थी
जांच में सामने आया है कि पीड़िता की 13 और 16 साल की दो बेटियां हैं और महिला ही अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए प्राइवेट नौकरी करती थी। आरोपी के बारे में यह पता चला है कि वह नशे का आदी है और वारदात के दौरान भी वह नशे में धुत्त था।

महिला ने मुंबई के राजावाड़ी हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली है। डॉक्टर्स ने उनका कई बार ऑपरेशन कर जान बचाने का प्रयास किया था।

गृहमंत्री ने कहा-आरोपी पर होगी कड़ी कार्रवाई

इस वारदात को लेकर महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि ये मामला बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और मन को दुखी करने वाला है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हम यह पूरा प्रयास करेंगे कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले और एक ऐसा उदाहरण समाज में पेश हो कि कोई भी ऐसा गुनाह करने से पहले 10 बार सोचे। पुलिस को इस बारे में कल ही हिदायत दे दी गई थी कि इस पूरे मामले की सघन जांच की जाए। कोई और भी आरोपी अगर है तो, उसकी भी जांच कर लगातार अपडेट देते रहें। मैं खुद इस मामले की जांच पर अपनी नजर बनाए हुए हूं।

इस वारदात के बाद भूमाता ब्रिगेड की प्रमुख तृप्ति देसाई ने कहा है कि मुंबई के साकीनाका परिसर में महिला के साथ जिस तरीके से बलात्कार किया गया यह राक्षसी प्रवृति का परिणाम है। यह एक क्रूरता पूर्ण घटना है।

Related Articles

Back to top button