दिल्ली के स्कूलों को बदला जाएगा नाइट शेल्टर में, 568 स्कूलों में खिलाया जा रहा है खाना : मनीष सिसोदिया

कोरोनावायरस के मद्देनजर भारत में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों का लॉक डाउन लगाया हुआ है। इस लॉक डाउन में निर्देश दिए गए हैं कि 21 दिनों तक कोई भी अपने घरों से बाहर ना निकले। इन निर्देशों के साथ भारत में कई ऐसे लोग भी हैं जिनको काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। देश के दिहाड़ी मजदूर जो हर दिन कमाते थे और उसी से उनका घर चलता था लेकिन अब लॉक डाउन के चलते ऐसे दिहाड़ी मजदूरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दिल्ली सरकार ने ऐसे लोगों के खाने का बंदोबस्त किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सभी रैन बसेरों और 568 स्कूलों में खाना खिलाने का काम किया है।

ऐसे में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि “हमने बहुत सारे स्कूलों में खाना खिलाना शुरू किया है,आज दोपहर 568 स्कूलों में खाना खिलाया जाएगा। जिन लोगों के पास खाना ​नहीं है या फिर बेघर हैं वो अपने पास के स्कूल में आकर खाना खा सकते हैं। हम स्कूलों को नाइट शेल्टर में बदल रहे हैं।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था की इन स्कूलों में खाना तो खिलाया जाएगा ही लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करना सबसे ज्यादा जरूरी है। इन स्कूलों में वे सभी लोग जा सकते हैं जो लोग भूखे सो रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था की दिल्ली में जो रैन बसेरे हैं उनमें 20000 लोगों को खाना खिलाया जा रहा था। लेकिन यह दिल्लीवासियों के लिए काफी नहीं था। जिसके बाद दिल्ली सरकार ने 568 अन्य स्कूलों में भोजन खिलाने का काम किया और केजरीवाल ने बताया कि अब से 200000 लोगों को हर दिन खाना खिलाया जाएगा और वह भी दो वक्त के लिए। केजरीवाल ने अभी बताया था कि यह सुविधा हम बढ़ाकर चार लाख लोगों को रोज खाना खिलाएंगे जिस पर आज दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया।

Related Articles

Back to top button