नई दिल्ली : राष्ट्रपिता की जयंती पर ऐतिहासिक आजाद पार्क में महापौर ने महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जय प्रकाश ने शुक्रवार को निगम की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर टाऊन हॉल के समक्ष ऐतिहासिक आजाद पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद रवि कप्तान एवं निगम के अधिकारी भी उपस्थित थे।

जय प्रकाश ने कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धान्तों पर चलते हुए महात्मा गांधी ने अपने जीवन को इतना ऊंचा उठाया कि शब्दों में इसका वर्णन करना संभव नहीं है। उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धान्त नैतिक दृष्टि से संसार को अनुपम देन हैं। उन्होंने न केवल राजनीति में अपितु जीवन के सभी क्षेत्रों में लोगों को अनुकरणीय मार्ग दिखाने की चेष्टा की। सन्त तो वे थे ही, दीन, दरिद्रों और रोगियों की सेवा में उनका काफी समय बीतता था। गांव की दशा सुधारने, स्त्रियों को शिक्षा देना और अस्पृश्य समझी जाने वाली जातियों को सवर्ण जातियों के समान अधिकार दिलाने के लिए उन्होंने बहुत संघर्ष किया।

इसके अलावा महापौर ने गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमा की सफाई की। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री चौक, महारानी अवंतीबाई लोधी चौक, भगवान महावीर स्वामी चौक और हरी किशन गर्ग (बाबा) मार्ग स्थित महापुरुषों की प्रतिमा की सफाई की।

Related Articles

Back to top button