नवाब मलिक का नया आरोप:कहा- वह वानखेड़े का करीबी

आर्यन खान को किडनैप करने का मास्टरमाइंड है भाजपा नेता मोहित कंबोज;

मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में राज्य के अल्पसंख्यक मंत्री और NCP नेता नवाब मलिक ने फिर कुछ नए खुलासे किए हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि इस ड्रग्स केस का मास्टरमाइंड भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष मोहित कंबोज उर्फ मोहित भारतीय है। उसके समीर वानखेड़े के साथ अच्छे संबंध हैं और उनके द्वारा 6 अक्टूबर को वानखेड़े पर आरोप लगाने के बाद दोनों के बीच 7 अक्टूबर को एक कब्रिस्तान के बाहर मुलाकात हुई थी।

मलिक ने आरोप लगाया कि मोहित कंबोज पर 1100 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी का आरोप था। वो पहले कांग्रेस में था, लेकिन सरकार बदलने के बाद वो बीजेपी में शामिल हो गया। मोहित कंबोज ने शनिवार को पीसी की थी और उसमें सुनील पाटिल नाम के शख्स को इस केस का मास्टरमाइंड बताया था। मोहित ने पाटिल को NCP नेता बताया था।

मुंबई में क्रूज ड्रग्स केस में गिरफ्तारी के बाद आयर्न खान को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, उन्हें आर्थर रोड जेल में रखा गया था।

मोहित के आरोपों पर मलिक ने कहा कि वह सुनील पाटिल से कभी नहीं मिले और न ही वह NCP का कोई नेता है। बता दें कि मोहित ने पाटिल को NCP का फाउंडर मेंबर बताया था। इस पर मलिक ने कहा कि पाटिल के फोटो गृहमंत्री अमित शाह के साथ हैं। मनीश भानुशाली के फोटो प्रधानमंत्री के साथ हैं। हम तस्वीरों पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। लेकिन सुनील पाटिल भी फ्रॉड है और वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी का प्लेयर है।

आर्यन का मामला अपहरण और फिरौती का है
मलिक ने कहा कि ये पूरा मामला अपहरण और फिरौती का है। आर्यन खान खुद टिकट खरीदकर क्रूज पर नहीं गए थे। उन्हें वहां प्रतीक गाबा और आमिर फर्नीचरवाला लेकर आए थे। वहां से आर्यन खान को किडनैप किया गया और 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। मोहित कंबोज फिरौती मांगने में वानखेड़े का पार्टनर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्यन खान को ट्रैप किया, लेकिन एक सेल्फी ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।

मोहित कंबोज के साथ मिलकर बॉलीवुड को डरा रहे वानखेड़े
नवाब मलिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि मोहित कंबोज मुंबई में 11 होटल चलाता है। उन्होंने यह कहा कि वे जल्द ही वानखेड़े और मोहित कंबोज की मीटिंग के वीडियो जारी करेंगे। मलिक ने आगे कहा, ‘वानखेड़े का नसीब अच्छा है कि पुलिस का CCTV बंद था, हमें उसका फुटेज नहीं मिल पाया और वानखेड़े साहब घबराहट में चले गए कि कोई उनका पीछा कर रहा है।

वानखेड़े का एक ही खेल है कि ड्रग का धंधा चलता रहे। ड्रग माफिया को संरक्षण दिया जाए और उनसे उगाही की जाए। फिल्म जगत के लोगों को डराया जाए और उनसे हजारों करोड़ की उगाही की जाए, ये खेल वानखेड़े खेल रहे हैं।

नवाब मलिक ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता मोहित कंबोज के साथ मिलकर वानखेड़े बॉलीवुड को डरा रहे हैं।

सैम उर्फ सैनविल डिसूजा बेकरी ड्रग्स केस का आरोपी है
नवाब मलिक ने कहा कि सैम डिसूजा असल में सैनविल डिसूजा है और वह एक बेकरी ड्रग्स कांड का आरोपी है। इस केस में केक के अंदर ड्रग्स छिपा कर हाईप्रोफाइल लोगों तक सप्लाई की जाती थी। इस केस में पांच लोग आरोपी थे, जिसमें से एक सैनविल भी है। चार लोग अब तक इसमें गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन पांचवां आरोपी सैनविल अभी भी 5 महीने से गिरफ्त से बाहर है।

मलिक से सवाल पूछा कि पांच महीने बाद भी उसे क्यों नहीं पकड़ा गया, जबकि वह लगातार NCB के अधिकारियों के संपर्क में था। मलिक ने सैनविल और NCB अधिकारी वीवी सिंह का एक ऑडियो भी जारी किया है। इसके आधार पर उन्होंने बताने का प्रयास किया है कि सैनविल और NCB के लोग लगातार संपर्क में थे।

दोनों के बीच हुई बातचीत

सैनविल- सर सैनविल वीवी सिंह- कॉन सैनविल सैनविल- सर, क्या आपने मुझे नोटिस दिया है? सिंह: अच्छा, सैनविल, सैनविल.. आप बांद्रा में रहते हैं। सैनविल – हां, सर। मैं थोड़ा बाहर था। थोड़ी तबीयत डाउन लग रही है। वीवी सिंह: तो फिर कब आएगा। सैनविल: मंडे को आ जाऊं सर। वीवी सिंह: सोमवार को नहीं, बुधवार को आ। सोमवार मैं नहीं हूं। वीवी सिंह: और सुनो, यह जो तेरा फोन है उसे लेकर आना। मुझे कोई हरकत नहीं चाहिए। मेरे पास तेरा आईएमईआई नंबर है। हेंडसेट चेंज नहीं करना। ऑलरेडी तुझे वार्निंग दे रहा हूं। सैनविल- ठीक है, सर मैं वह करूंगा वीवी सिंह: ठीक है, फिर बुधवार को आ जा।

मलिक ने कहा कि सैनविल ने कुछ दिन पहले एक टीवी चैनल को इंटरव्यू में अपना नाम सैम डिसूजा बताया था और कहा था कि आर्यन मामले में जो 18 करोड़ की वसूली की बात सामने आई थी उसमें समीर वानखेड़े और NCB का कोई लेना देना नहीं है। मलिक के मुताबिक, NCB ने उसे अपने बचाव के रूप में मीडिया के सामने पेश किया था।

वानखेड़े ने पाताललोक बना दिया
नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर नया आरोप लगाते हुए कहा कि वानखेड़े की आर्मी जितने भी ड्रग पैडलर हैं, उनसे भी उगाही करती है। उन्होंने मुंबई के दो पत्रकारों राजकुमार बजाज और प्रदीप नम्बियार पर आरोप लगाया है कि ये वानखेड़े के करीबी हैं और ये दोनों भी उनकी उगाही आर्मी के सदस्य हैं। ये छोटा सा यूट्यूब चैनेल चलाकर पैडलर से उगाही करते हैं। वानखेड़े ने इस शहर को ‘पाताललोक’ बना दिया है। मैं NCB या BJP से नहीं लड़ रहा हूं, मैं लड़ रहा हूं गलत लोगों के खिलाफ।

बीच समुद्र में नहीं हुआ कोई ऑपरेशन
मलिक ने आगे कहा कि मैं NCB के डीजी साहब से बोलना चाहता हूं कि आपने 3 तारीख को बयान दिया था कि भारत में पहली बार समंदर के बीच ऑपरेशन हुआ। आपको गुमराह किया गया। 13 लोगों को चिन्हित किया गया। आर्यन खान की किडनैपिंग हुई और फिरौती मांगी गई। मैं BJP से भी कहना चाहता हूं कि मैं कोई पॉलिटिकल लड़ाई नहीं लड़ रहा। मैं चाहता हूं कि ड्रग का धंधा बंद हो। बड़ी मछलियां पकड़ी जाएं।

ड्रग्स के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
मलिक ने आगे कहा कि मैंने अपने दामाद से बात की है और उसने कहा कि आप लड़ाई जारी रखो। वे फर्जीवाड़ा केस करके हमें जेल में डालेंगे, लेकिन मैं और मेरा परिवार डरने वाला नहीं है। मैं एनसीबी के अधिकारियों से कहता हूं कि गंदी मछली को निकालकर फेंक दो। ये चंडाल चौकड़ी मुंबई NCB में है। एक समीर वानखेड़े, वीवी सिंह, आशीष रंजन और वानखेड़े का ड्राइवर, ये सभी चौकड़ी के सदस्य हैं। जब तक ये मामला नहीं सुलझता, मैं रुकने वाला नहीं हूं।

शाहरुख को भी डराने की कोशिश की गई
उन्होंने कहा कि जितने भी विक्टिम हैं, सब सामने आएं और मेरा साथ दें। शाहरुख खान को डराया गया कि आपको आरोपी बना देंगे, पैसा दो। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान को डराया गया था कि अगर नवाब मलिक बोलना बंद नहीं करेंगे, तो तुम्हारा लड़का लंबा जाएगा। मलिक ने आरोप लगाया कि वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी एक्टिव है, वो महिलाओं को भी डराती है।

वानखेड़े के पिता ने मलिक पर ठोका मानहानि का केस
इस बीच यह भी जानकारी सामने आ रही है कि नवाब मलिक के आरोपों के बाद समीर वानखेड़े के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का फैसला किया है। ज्ञानदेव वानखेड़े ने मलिक के खिलाफ 1.2 करोड़ की मानहानि का केस ठोका है। बॉम्बे हाईकोर्ट सोमवार को इस मामले पर सुनवाई करेगा। उन्होंने अर्जी में कहा है कि मलिक के आरोपों से उनके चरित्र और प्रतिष्ठा को चोट पहुंची है। बुधवार को ही एनसीबी अधिकारी की बहन यास्मीन वानखेड़े ने भी मलिक पर सियासी बदला लेने के आरोप लगाए थे।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button