मॉडल के वकील का दावा:आर्यन को नहीं जानतीं मुनमुन, उनके दो दोस्तों ने उन्हें पार्टी में बुलाया था;

NCB ने उन्हें पकड़ा, लेकिन उनके दोस्तों को जाने दिया

आर्यन खान के साथ क्रूज से गिरफ्तार हुई मॉडल मुनमुन धमेचा की ओर से दावा किया गया है कि वे आर्यन खान और दूसरे अभियुक्त अरबाज मर्चेंट को नहीं जानती हैं। मुनमुन के वकील ने बताया कि क्रूज पर हो रही एक पार्टी के लिए उन्हें उनकी फ्रेंड सौम्या और बलदेव ने इंविटेशन दिया था। उन्होंने दावा किया कि NCB ने मुनमुन को तो पकड़ लिया, लेकिन उनके दोनों दोस्तों को जाने दिया।

कौन हैं मुनमुन धमेचा?

मुनमुन धमेचा एक फैशन मॉडल हैं जो एक बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। 39 साल की मुनमुन को NCB ने 3 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट्स की मानें तो मुनमुन धमेचा मध्यप्रदेश के सागर जिले की रहने वाली हैं। फिलहाल उनके परिवार से कोई भी मध्यप्रदेश में उनके घर में नहीं रहता है।

मुनमुन की मां का इसी साल मई में निधन हो गया था, जबकि इससे पहले उन्होंने अपने पिता अमित कुमार धमेचा को भी खो दिया था। उनका एक भाई भी है जिसका नाम प्रिंस धमेचा है, जो दिल्ली में काम करता है। मुनमुन की स्कूली शिक्षा सागर में पूरी हुई। सागर जिले में बहुत कम लोग मुनमुन के बारे में जानते हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि वह छह साल पहले कुछ समय के लिए भोपाल में भी रही।

मुनमुन 2014 से अपने भाई के साथ दिल्ली में रहती हैं।

मुनमुन का मुंबई से नहीं कोई रिश्ता
मुनमुन धमेचा के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बात करते हुए कहा कि मुनमुन यहां (मुंबई) की रहने वाली नहीं है, तो उसका आर्यन और अरबाज से कनेक्शन का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने बताया कि NCB ने जब क्रूज पर छापा मारा तब मुनमुन के पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ था। हालांकि, NCB ने रिमांड कॉपी में मुनमुन के पास से 5 ग्राम कोकीन मिलने का दावा किया है।

मुनमुन को बुलाने वाली फ्रेंड को जाने दिया
काशिफ खान ने आगे बताया कि मुनमुन को NCB ने गिरफ्तार किया और उसे इंवाइट करने वाले फ्रेंड्स को जाने दिया गया। मुनमुन की गिरफ्तारी के बाद उसे इंवाइट करने वाले दोस्तों ने भी उसकी कोई खोज खबर नहीं ली। मुनमुन का भाई इन दिनों मुंबई में है और वही अपनी बहन को छुड़ाने के लिए भाग-दौड़ कर रहा है।

मुनमुन के लिए परेशान है उनके भाई
एडवोकेट अली काशिफ ने आगे कहा कि मुनमुन का भाई अपनी बहन और उसके कैरियर को लेकर बहुत अधिक चिंतित है। बलदेव के बारे में अधिक जानकारी होने से इनकार करते हुए उन्होंने बताया कि चूंकि मॉडल होने के नाते बलदेव उसे कुछ न कुछ मॉडलिंग से रिलेटेड काम दिलाता रहा है, लिहाजा उसके कहने पर मुनमुन क्रूज पर आई थी। मुनमुन के क्रूज पर पहुंचने के 5 मिनट के भीतर ही NCB की रेड पड़ी थी। यानी इन लोगों की पार्टी असल में हुई ही नहीं।

रडार पर फैशन टीवी का एमडी काशिफ खान
क्रूज रेव पार्टी मामले में फैशन टीवी का एमडी काशिफ खान अब NCB के रडार पर बताया जा रहा। दरअसल, शुरुआत में जानकारी सामने आई थी कि क्रूज पर पार्टी का आयोजन करने वाला फैशन टीवी का एमडी काशिफ खान था, लेकिन एडवोकेट अली काशिफ का कहना है कि वह आयोजक नहीं, पार्टी के फाइनेंसर में से एक था।

कंगना के खिलाफ केस भी लड़ चुके हैं काशिफ
मॉडल मुनमुन का केस देख रहे अली काशिफ खान कई हाई प्रोफाइल मामलों में इससे पहले शामिल रहे हैं। अभिनेत्री कंगना रनौट की बयानबाजी के खिलाफ उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए उनके ट्विटर एकाउंट को बैन करने की मांग की थी। इसी प्रकार प्रोड्यूसर एकता कपूर के खिलाफ भी उन्होंने एक मामले में केस दाखिल किया हुआ है।

Related Articles

Back to top button