मुंबई : मध्य रेल के उपनगरीय खंडों पर कल मेगा ब्लॉक

मुंबई। मध्य रेल, मुंबई मंडल 4 अक्टूबर को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों को करने के लिए अपने उपनगरीय खंडों पर मेगा ब्लॉक परिचालित करेगा। ब्लॉक का विवरण इस प्रकार है।

ठाणे-कल्याण अप और डाउन फास्ट लाइन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक मेगा ब्लॉक परिचालित किया जाएगा। इसके तहत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 9.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चलने वाली डाउन फास्ट स्पेशल सेवाओं को मुलुंड और कल्याण स्टेशनों के बीच डाउन धीमी लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। कल्याण से सुबह 11.10 बजे से 3.19 बजे तक चलने वाली फास्ट स्पेशल सेवाओं को कल्याण और मुलुंड स्टेशनों के बीच अप लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा, जो कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार रुकेंगी।

इसी तरह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस – चूनाभट्टी डाउन हार्बर लाइन सुबह 10.40 बजे से दोपहर 3.40 बजे तक और चुनाभट्टी – छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अप लाइन सुबह 10 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक ब्लॉक परिचालित किया जाएगा। इस दौरान डाउन हार्बर लाइन वाशी / पनवेल के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से सुबह 10.15 बजे से दोपहर 3.40 बजे तक विशेष सेवाएं निलंबित रहेंगी। अप हार्बर लाइन पर पनवेल / वाशी से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई के लिए सुबह 8.45 बजे से दोपहर 1.45 बजे तक विशेष सेवाएं निलंबित रहेंगी। हालांकि, ब्लॉक अवधि के दौरान पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म नंबर 8) के बीच विशेष सेवाएं चलेंगी।

ब्लॉक अवधि के दौरान हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 5.00 बजे तक मेन लाइन से जाने की अनुमति है। ये रखरखाव मेगा ब्लॉक बुनियादी ढांचे के रखरखाव और सुरक्षा के लिए आवश्यक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन के साथ सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button